Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ईरान: आईआरजीसी का दावा, ‘एक दिन में 25 जहाजों ने किया होर्मुज...

ईरान: आईआरजीसी का दावा, ‘एक दिन में 25 जहाजों ने किया होर्मुज पार’

0
5

तेहरान, 23 मई (आईएएनएस)। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी की नौसेना का दावा है कि शुक्रवार से शनिवार के बीच 24 घंटों में 25 जहाजों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार किया है।

ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स समाचार एजेंसी ने आईआरजीसी के हवाले से इसकी जानकारी दी है। गार्ड कॉर्प्स ने एक बयान में कहा, “पिछले 24 घंटों में तेल टैंकरों, कंटेनर जहाजों और अन्य वाणिज्यिक पोतों सहित 25 जहाजों ने आईआरजीसी नौसेना के समन्वय और अनुमति प्राप्त करने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया।”

इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार के बीच 35 जहाजों के यहां से गुजरने की बात आईआरजीसी ने कही थी।

होर्मुज को लेकर अमेरिका-ईरान आमने-सामने हैं। ईरान ने इस पर पाबंदी लगाई तो अमेरिका ने उसके फैसले के खिलाफ वहां नाकेबंदी का ऐलान किया। हाल ही में ईरान ने इस पर नई व्यवस्था लागू करने की बात कही। हर गुजरने वाले जहाज से शुल्क वसूलने की योजना के बारे में बताया। वर्तमान स्थिति तनावग्रस्त बनी हुई है।

28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के तेहरान समेत कई शहरों पर संयुक्त हवाई हमले के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। संघर्ष 40 दिन तक चला। इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अस्थायी संघर्ष विराम का ऐलान किया। स्थायी विराम के लिए मध्यस्थों के जरिए बातचीत जारी है।

वहीं, ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने शनिवार को यमन के सोकोत्रा आइलैंड के पास एक संदिग्ध घटना की जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, पेट्रोलियम प्रोडक्ट ले जा रहे एक टैंकर के नजदीक एक छोटी नाव पहुंची, जिसमें पांच लोग सवार थे।

रिपोर्ट के अनुसार, यह छोटी नाव टैंकर के करीब 100 मीटर तक पहुंच गई थी। जिसके बाद टैंकर पर मौजूद हथियारबंद सुरक्षा टीम एक्टिव हुई, जिसके बाद नाव ने अपना रास्ता बदल लिया। घटना यमन के सोकोत्रा आइलैंड से करीब लगभग 370 किलोमीटर पश्चिम में हुई।

सोकोत्रा आइलैंड अरब सागर और अदन की खाड़ी के बीच मौजूद एक अहम समुद्री क्षेत्र माना जाता है। यहां से दुनिया के कई बड़े तेल और व्यापारिक जहाज गुजरते हैं।