Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अजय राय की टिप्पणी पर यूपी में राजनीति तेज, एनडीए के नेताओं...

अजय राय की टिप्पणी पर यूपी में राजनीति तेज, एनडीए के नेताओं ने कहा- हार की आशंका से बौखलाई कांग्रेस

0
4

लखनऊ, 23 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। इस पूरे मामले पर राज्य सरकार और एनडीए के नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस को पता है कि उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनाव में भी उसका हाल बिहार और बंगाल जैसा होगा। इसी हताशा में अब ये गाली-गलौज पर उतर आए हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा ने कहा, “यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणियां पूरी तरह से असभ्य और अनुचित हैं। इनकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। हमारे समाज या राजनीति में ऐसी अपमानजनक और असभ्य भाषा के लिए कोई जगह नहीं है। विशेष रूप से काशी से जुड़े किसी व्यक्ति के लिए, ऐसी टिप्पणियां काशी की संस्कृति के बिल्कुल विपरीत हैं।”

अजय राय के बयान पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हम उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की निंदा करते हैं। इन लोगों का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। बिहार और बंगाल चुनावों के बाद इनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। अब उत्तर प्रदेश का चुनाव आ रहा है, इसीलिए ये लोग परेशान हैं। इन्हें पता है कि उत्तर प्रदेश में इनकी सरकार नहीं बनेगी, इसलिए इन्होंने गाली-गलौज का सहारा लिया है।”

वहीं, जम्मू-कश्मीर से भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मैंने कहा था कि पूरा इंडिया गठबंधन इतने निचले स्तर पर गिर गया है कि वे प्रधानमंत्री पर निजी हमले कर रहे हैं, इसीलिए हम कहते हैं कि कांग्रेस को बहुत गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। अगर आप दूरबीन या बाइनोक्युलर से भी देखें तो भी कांग्रेस अब सबसे छोटी पार्टी नजर आती है। यह उनकी हताशा को दर्शाता है। कभी राहुल गांधी तो कभी कोई और इस तरह की टिप्पणियां करता रहता है।”