Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध नगर काउंसिल चुनावों से पहले मजीठा में सनसनीखेज वारदात, एएसआई जोगा सिंह...

नगर काउंसिल चुनावों से पहले मजीठा में सनसनीखेज वारदात, एएसआई जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या

0
7

अमृतसर, 24 मई (आईएएनएस)। नगर काउंसिल चुनावों से ठीक पहले मजीठा क्षेत्र में हुई एक चौंकाने वाली घटना ने प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पंजाब पुलिस के एएसआई जोगा सिंह की ड्यूटी पर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उन पर चार गोलियां चलाईं, जो सीधे उन्हें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक एएसआई जोगा सिंह गांव घणिए के निवासी थे और अमृतसर पुलिस में तैनात थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह रोजाना की तरह सुबह करीब 5 बजे घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वह मजीठा के पास फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर हमजा मोड़ के समीप पहुंचे, पीछे से आए दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मजीठा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके को घेर लिया गया और फॉरेंसिक टीम तथा तकनीकी विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

एसएसपी देहाती सोहेल मीर ने बताया, “सुबह सूचना मिली कि मजीठा रोड पर एएसआई जोगा सिंह का शव पड़ा है। एसएचओ मजीठा मौके पर पहुंचे। शव का मुआयना किया गया, जिसमें गोली लगने की पुष्टि हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। फॉरेंसिक और टेक्निकल टीम मौके पर काम कर रही है। जहां घटना हुई है, वह काफी व्यस्त रोड है। हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं, चाहे निजी रंजिश हो, रोडरेज हो या कोई अन्य कारण। हर पहलू पर गहन छानबीन की जा रही है।”

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या किस वजह से हुई। क्या यह व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला था या फिर कोई संगठित साजिश। मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। इस घटना के बाद अमृतसर देहाती पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है।