Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सीएम योगी को लेकर तेज प्रताप के बयान पर एनडीए नेता बोले,...

सीएम योगी को लेकर तेज प्रताप के बयान पर एनडीए नेता बोले, 2027 में फिर जीतेंगे

0
4

लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के यूपी में 2027 में भाजपा की वापसी वाले बयान पर एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए मुख्यमंत्री तेज गति से काम कर रहे हैं। भाजपा संगठन और हम सभी सिपाही गति देने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है। किसी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उनका फिर से मुख्यमंत्री बनना तय है। जो काम करेगा, उसको ही जनता का आशीर्वाद मिलेगा।

भाजपा नेता प्रतुलशाह देव ने कहा कि लालू प्रसाद के बेटे तेजप्रताप भी मान रहे हैं कि यूपी में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा सरकार ने योगी के नेतृत्व में शानदार मॉडल पेश किया है। अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति थी। प्रदेश में जितने भी अपराधी थे, या तो उनका एनकाउंटर हो गया या फिर जेलों में बंद हो गए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करके जहां इमारते बनाई गई थीं, वहां बुलडोजर चला। उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से विकास की गंगा बह रही है। यूपी में भाजपा की सरकार ने बहुत काम किया है। हमें उम्मीद है कि यूपी में फिर से भाजपा सरकार की वापसी होगी।

वहीं, ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वे सच्चाई बोल रहे हैं। समाजवादी पार्टी के शासन में प्रदेश में जो हालात थे, मुजफ्फरनगर दंगे में जल रहा था और बतौर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सैफई में नाच देख रहे थे। उस इलाके के लोगों ने इस घटना को भूले नहीं है। सपा की सरकार में गुंडा राज था। जिन बहनों के साथ सपा के गुंडों ने अत्याचार किया, वो परिवार इनको पसंद नहीं करता है। इनके कारनामे ही रसातल में ले जा रहे है।

उधर, रामकृपाल यादव ने कहा कि तेज प्रताप अपनी पार्टी के अध्यक्ष के साथ ही सम्मानित नेता भी हैं। मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने विंध्याचल गए थे। इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया है कि यूपी में इस बार भी योगी के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी। उन्होंने बिल्कुल सही कहा है और उनका बयान स्वागतयोग्य है।