बदायूं 26 मई, आईएएनएस। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के कस्बा इस्लामनगर के रहने वाले नजाकत के घर में 19 मई की रात हुई डकैती और सिठौली गांव में चार घरों में हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में संभल निवासी किशनपाल, मनोज और हापुड़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव अरतौली निवासी भूरा को गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, सिपाही अनुज कुमार बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बहजोई के रहने वाले ओमवीर और दीपक को भागते हुए गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल तीन बदमाश ढालू और दो अज्ञात फरार हैं।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि 19 मई को एक घर में हुई डकैती और सिठौली गांव में हुई लूट की घटना को अंजाम देने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी ने कहा, “पिछली डकैती की घटना के बाद से हमारी टीम लगातार सतर्क थी। इस्लाम नगर टीम को सूचना मिली कि बरियापुर के पास कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं। जब टीम ने उनका पीछा किया, तो उन्होंने हमारी टीम पर फायरिंग की।
आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायलों को उचित इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, बाकी लोग खेतों में भाग गए थे। बाद में दो बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बदमाशों के पास से डकैती और लूट में ले जाया गया माल, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना का सफल अनावरण करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम दिया जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि 19 मई की रात में सिठौली और इस्लामनगर में डकैती और चोरी पकड़े गए गिरोह ने की थी। आरोपियों ने बताया कि वह खेत के रास्ते गांवों में पहुंचकर चोरी और डकैती करते थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
डकैती के दौरान इस्लामनगर में नजाकत के घर से बदमाश 1,25,000 रुपये और लाखों के जेवर लेकर फरार हुए थे। सिठौली गांव में भी लाखों की नगदी और जेवर लेकर बदमाश फरार हुए थे।

