नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। देश के लाखों युवाओं का सपना सरकारी नौकरी करने का होता है और इसके लिए वे तैयारी करने के साथ वैकेंसी जारी होने के इंतजार में रहते हैं। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने प्रतिनियुक्ति/समायोजन आधार पर असिस्टेंट सहित विभिन्न 106 पदों पर बेंच-वार रिक्तियों की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।
एनसीएलटी की ओर से जारी 106 रिक्तियों में ज्वाइंट रजिस्ट्रार के 2, डिप्टी रजिस्ट्रार के 6, असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 2, प्रोग्रामर का 1, न्यायालय अधिकारी (कोर्ट ऑफिसर) के 12, निजी सचिव (प्राइवेट सेक्रेटरी) के 24, वरिष्ठ कानूनी सहायक (सीनियर लीगल ऑफिसर) के 23, सहायक (असिस्टेंट) के 14, प्रथम श्रेणी का स्टेनोग्राफर/निजी सहायक के 7, कैशियर का 1, रिकॉर्ड असिस्टेंट के 9, उच्च श्रेणी का क्लर्क (अपर डिवीजन क्लर्क) के 3 और स्टाफ कार चालक के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि विज्ञापन के प्रकाशन की तिथि से 60 दिन होगी। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार कानून में डिग्री, बीई/बीटेक (सीएस/आईटी) या एमसीए या समकक्ष, 10वीं कक्षा उत्तीर्ण, मोटर कारों के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस और मोटर तंत्र का ज्ञान, आदि होना चाहिए। इसी के साथ सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 19,900 से 2,15,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनसीएलटी की ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘सचिव, राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी), राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण, छठी मंजिल, ब्लॉक नंबर 3, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली – 110003’ पते पर डाक कर दें।

