SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय खराब मौसम के बावजूद तटरक्षक बल ने बचाई 66 वर्षीय मरीज की...

खराब मौसम के बावजूद तटरक्षक बल ने बचाई 66 वर्षीय मरीज की जान

0
5

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस) भारतीय तटरक्षक बल ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है। खराब मौसम और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने 66 वर्षीय व्यक्ति को सही समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। भारतीय तटरक्षक बल ने केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप प्रशासन तथा कोच्चि और कवरत्ती स्थित तटरक्षक जिला मुख्यालयों के समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।

गंभीर रूप से बीमार इस व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण हवाई निकासी अभियान चलाया। रोगी को तत्काल मस्तिष्क एवं तंत्रिका संबंधी शल्य चिकित्सा की जरूरत थी। यही कारण है कि इस बुजुर्ग व्यक्ति को लगातार ऑक्सीजन सहायता की आवश्यकता थी। अगत्ती से मरीज को सुरक्षित तरीके से कोच्चि पहुंचाने के लिए कोच्चि स्थित तटरक्षक वायु प्रतिष्ठान से डोर्नियर विमान भेजा गया। गंभीर स्वास्थ्य स्थिति और रास्ते में मौजूद मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद तटरक्षक दल ने अभियान को पूरी तत्परता के साथ अंजाम दिया।

विमान में मरीज को लगातार ऑक्सीजन सहायता दी गई, जिससे उसकी स्थिति को संभालते हुए उसे आगे के जरूरी उपचार के लिए कोच्चि पहुंचाया जा सके। इस अभियान एक बार फिर दिखाता है कि भारतीय तटरक्षक बल समुद्र में सुरक्षा के साथ-साथ आपात स्थिति में मानव जीवन बचाने के लिए भी हर समय तैयार रहता है।

गौरतलब है कि बीते दिनों ही तटरक्षक बल ने समुद्र में उठ रही तेज लहरों के बीच एक और बचाव मिशन को अंजाम दिया था। यह बचाव मिशन रात के घने में शुरू किया गया। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में भारतीय तटरक्षक दल ने बांग्लादेशी नाविक की जान बचाई। मुसीबत में फंसे नाविक की जान बचाने के साथ ही उसको समय पर चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई है। यह अभियान डिगलीपुर के पास चलाया गया था। विजयपुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र से सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक मुख्यालय, अंडमान एवं निकोबार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सूचना थी कि एमवी एमरिस पर सवार चालक दल का 36 वर्षीय बांग्लादेशी सदस्य जहाज पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय तटरक्षक पोत राजदूत को राहत एवं चिकित्सा निकासी अभियान के लिए रवाना किया गया।

खराब मौसम और उफनते समुद्र के बावजूद तटरक्षक कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए घायल नाविक को सुरक्षित पोत पर पहुंचाया।

–आईएएनएस

जीसीबी/एएस