Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली : 200 किलोमीटर पीछा कर अंतर-राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, छह...

दिल्ली : 200 किलोमीटर पीछा कर अंतर-राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने 200 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद एक अंतर-राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन आदतन चोर, दो महिला सहयोगी और चोरी का सामान खरीदने वाला एक जौहरी शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने, चांदी और हीरे के गहने, घर तोड़ने के औजार, 34 मास्टर चाबियां और अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, लोधी रोड कॉम्प्लेक्स स्थित एक सरकारी फ्लैट में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि परिवार के बाहर होने के दौरान अज्ञात चोरों ने फ्लैट का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। मामले में थाना लोधी कॉलोनी में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इंस्पेक्टर रविंदर कुमार त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध मारुति सेलेरियो कार दिखाई दी, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पीछा शुरू किया।

पुलिस ने वाहन को बारापुला, रिंग रोड, सराय काले खां, मेरठ एक्सप्रेसवे, गाजियाबाद, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और नोएडा समेत कई इलाकों से गुजरते हुए ट्रैक किया। आरोपी लगातार रास्ते बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करते रहे। लेकिन, पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मैनुअल ट्रैकिंग जारी रखी। करीब 200 किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने गीता कॉलोनी इलाके में संदिग्ध कार को ट्रेस कर लिया।

20 मई की शाम पुलिस ने तीन आरोपियों को कार में बैठते समय दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी का सामान उनकी महिला सहयोगियों और एक जौहरी के जरिए बेचा जाता था। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों और जौहरी को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पता चला कि गिरोह बंद पड़े घरों की रेकी करता था और मास्टर चाबियों व विशेष औजारों की मदद से ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में 70 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच जारी है।