मैसूर, 28 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सिद्धारमैया के इस्तीफे की अटकल के बीच डी.के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह दिख रहा है।
मैसूर में कर्नाटक आर्मी के जिला अध्यक्ष तेजेश लोकेश गौड़ा ने भगवान गणपति की पूजा-अर्चना कर डी.के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की कामना की। नारियल फोड़कर उन्होंने प्रार्थना की कि शिवकुमार एक अच्छे मुख्यमंत्री साबित हों। तेजेश लोकेश गौड़ा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हमने पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़कर डी.के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की कामना की। सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद अब उनके पास मुख्यमंत्री बनने का अवसर है। हमने भगवान गणपति से प्रार्थना की कि वे एक अच्छे मुख्यमंत्री बनें।”
बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ता उमाशंकर ने दावा किया, “डी.के. शिवकुमार कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और हम इसे बड़े ही भव्य पैमाने पर मनाएंगे।”
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मुंबई में कहा, “कर्नाटक में हमेशा से शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा होती रही है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी किसे मुख्यमंत्री चुनती है, यह उनका आंतरिक मामला है।”
नागपुर में कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने सिद्धारमैया की प्रशंसा करते हुए कहा, “सिद्धारमैया हमारी पार्टी के बहुत वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं। पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर अच्छा काम किया है। वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हुए नए और युवा नेतृत्व को आगे लाना एक सकारात्मक कदम है।”
विधान परिषद चुनावों पर विजय वडेट्टीवार ने कहा, “पहले उम्मीदवारों की घोषणा होने दीजिए। भाजपा ने अपनी सूची को अंतिम रूप दे दिया है, उसके बाद हम भी अपनी सूची जारी करेंगे।”
कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से सिद्धारमैया और डी.के. शिवकुमार गुट के बीच सत्ता की खींचतान चर्चा में रही है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, हाईकमान दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच संतुलन बनाते हुए फैसला ले सकती है। डी.के. शिवकुमार की कर्नाटक में लिंगायत और वोकलिगा समुदायों के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अगर वे मुख्यमंत्री बनते हैं तो यह कर्नाटक कांग्रेस में नई शुरुआत मानी जाएगी।

