गढ़वा, 28 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा जिले में एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की रस्सी से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी और कमरे का दरवाजा बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने लड़की का शव बरामद होने के 10 दिन बाद आरोपी पिता निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
गढ़वा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सत्येंद्र नारायण सिंह ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 19 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि परती कुशवानी गांव स्थित निर्मल सिंह के घर से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के भाई अविनाश कुमार सिंह की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया।
कमरे के अंदर आकृति कुमारी का शव पड़ा मिला। घटना के बाद मृतका के भाई के बयान पर केतार थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी घटना के बाद राजस्थान भाग गया था और जमानत की कोशिश में वापस गढ़वा आने वाला है।
पुलिस को 27 मई को सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश के कोन क्षेत्र से होकर खरौंधी के रास्ते नगर ऊंटारी की ओर आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने बजरमरवा के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वाहन देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि वह राजस्थान में जहां काम करता था, वहीं एक युवक से बेटी की शादी तय कर चुका था। हालांकि, आकृति राजस्थान जाकर शादी करने के लिए तैयार नहीं थी और गांव में ही रहना चाहती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने सोई अवस्था में रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर में ताला बंद कर फरार हो गया था।

