Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

0
5

नोएडा, 28 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध और अवैध शस्त्रों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सेक्टर-142 और थाना दादरी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, पिस्टल, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किए हैं।

सेक्टर-142 थाने की पुलिस ने बीट पुलिसिंग और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्रासा कट के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह पुत्र विनोद कुमार और अंकित सिंह पुत्र उदय भान सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सूरज सिंह के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि अंकित सिंह के पास से एक अवैध चाकू मिला है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सूरज सिंह मूल रूप से बदायूं जिले के गिलोर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में थाना फेस-2 क्षेत्र के याकूबपुर गांव में रह रहा था। वहीं अंकित सिंह कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल ग्राम कुलेसरा में रह रहा था। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर थाना दादरी पुलिस ने फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 26 मई को थाना दादरी क्षेत्र में गाली-गलौच और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

लोकल इंटेलिजेंस और पुलिस टीम की मदद से गुरुवार को मायचा अंडरपास के पास से सुमित भाटी और भोलू उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल .32 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।