न्यू चंडीगढ़, 30 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 7 विकेट से हराया। आरआर से मिले 215 रनों के लक्ष्य को जीटी ने 3 विकेट खोकर 18.4 ओवर में हासिल किया।
आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबले में सबसे बड़ा रन चेज करने का रिकॉर्ड भी अब गुजरात टाइटंस के नाम दर्ज हो गया है। जीटी से पहले यह रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुए दूसरे क्वालीफायर में 204 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था। आईपीएल में महज तीसरा मौका रहा, जब जीटी ने 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज किया।
गुजरात टाइटंस की शुरुआत शानदार रही। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 167 रन जोड़े। सुदर्शन 32 गेंदों का सामना करने के बाद 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, गिल ने शतकीय पारी खेली।
जीटी के कप्तान ने 53 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। गिल आईपीएल प्लेऑफ में शतक लगाने वाले पहले कप्तान भी बने। जोस बटलर 9 रन बनाकर नाबाद रहे, तो वॉशिंगटन सुंदर 9 गेंदों में 16 रन बनाकर नांद्रे बर्गर का शिकार बने। राहुल तेवतिया 2 चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे।
इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 214 रन लगाए। वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 47 गेंदों का सामना करते हुए 96 रनों की दमदार पारी खेली। वैभव ने अपनी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए।
हालांकि, यशस्वी जायसवाल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज एक रन बनाकर आउट हुए। ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने। रवींद्र जडेजा 35 गेंदों में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। जडेजा ने अपनी पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। अंतिम ओवरों में डोनोवन फेरेरा ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 345 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 11 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 4 छक्के लगाए।

