Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन अभिनेता अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का 85 वर्ष की उम्र...

अभिनेता अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का 85 वर्ष की उम्र में निधन, चेन्नई में होगा अंतिम संस्कार

0
9

मुंबई, 30 मई (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। खराब स्वास्थ्य के कारण उन्होंने चेन्नई में अंतिम सांस ली।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मां का अंतिम संस्कार चेन्नई के पलावकक्कम स्थित अभिनेता अजित कुमार के आवास पर ही किया जाएगा। इस समय अभिनेता अजित दुबई में हैं, इसलिए उनके जल्द से जल्द चेन्नई लौटने की व्यवस्था की जा रही है। बताया जा रहा है कि बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण मोहिनी मणि का निधन हुआ।

फिल्म जगत के सदस्य और प्रशंसक, दोनों ही इस समय उनके निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इस बीच, डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “अपने प्यारे भाई अजित कुमार की माताजी, श्रीमती मोहिनी मणि के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मां के जाने का दुख बहुत बड़ा होता है, क्योंकि वह एक ऐसी शख्स होती हैं जो अपने बच्चे को जीवन देती हैं और उसकी हर सफलता पर सबसे ज्यादा खुश होती हैं। ऐसे में इस कठिन समय में उन्हें सांत्वना देने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि अपनी मां के साथ बिताए गए खूबसूरत पल उन्हें इस दुख से उबरने की ताकत दें। मेरी ओर से अजित कुमार और उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं।”

तमिल सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता अजित कुमार एक पेशेवर कार रेसर भी हैं। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मोटरस्पोर्ट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है और अपनी रेसिंग प्रतिभा के लिए भी जाने जाते हैं।

उन्होंने 1990 में तमिल फिल्म ‘एन वीडू एन कनवर’ से अभिनय की शुरुआत की और 1993 की फिल्म ‘अमरावती’ में मुख्य अभिनेता के रूप में पहचान बनाई। उन्हें पहला बड़ा ब्रेक 1995 की थ्रिलर फिल्म ‘आसाई’ से मिला। इसके बाद उन्होंने ‘बिल्ला’, ‘वीरम’ और ‘विश्वासम’ जैसी कई सफल फिल्मों में शानदार अभिनय किया।