Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन माता-पिता को खोने का दर्द बयां कर भावुक हुए सोनू सूद, फैंस...

माता-पिता को खोने का दर्द बयां कर भावुक हुए सोनू सूद, फैंस से की खास अपील

0
4

मुंबई, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद अपनी दरियादिली और परोपरकार के लिए लाखों दिलों पर राज करते हैं। शनिवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया के माध्यम से माता-पिता को याद करते हुए खास पोस्ट शेयर किया।

अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर माता-पिता की याद में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे कहते हैं, “मैं उन लोगों में से हूं, जिन्होंने बहुत कम उम्र में अपने माता-पिता को खो दिया था। आज मैं आपसे जो कहने जा रहा हूं, वह किसी किताब की लाइन नहीं है, बल्कि जिंदगी के सबसे कठिन समय के अनुभवों से निकली है। एक दिन जब आपके माता-पिता दुनिया से छोड़कर चले जाते हैं, तब आपके भले उनका नंबर होगा, लेकिन कॉल उठाने वाले कोई नहीं होंगे। हो सकता है उस समय आपके पास बहुत पैसा हो। आप उनके लिए बहुत कुछ खरीदना चाहेंगे, लेकिन आप कुछ नहीं कर पाएंगे, क्योंकि आपके माता-पिता आपके साथ नहीं होंगे।”

अभिनेता सोनू सूद ने आगे माता-पिता के जाने के बाद वाले अफसोस को बयां करते हुए कहा, “जब माता-पिता नहीं होंगे, तब आप उनके पुराने मैसेज पढ़ेंगे, घंटों तस्वीरें देखते रहेंगे और सोचेंगे कि काश मैं उन्हें एक बार गले लगा पाता, लेकिन तब वे आपके पास नहीं होंगे। उस दिन आपको एहसास होगा कि दुनिया की हर चीज वापस पाई जा सकती है, लेकिन माता-पिता के साथ बिताया हुआ समय कभी वापस नहीं आता।

उन्होंने माता-पिता की वैल्यू समझाते हुए कहा, “इसलिए आज का समय बहुत कीमती है। अगर आपके माता-पिता आपके साथ हैं तो अभी जाकर उन्हें बताइए कि आप उनसे कितना प्यार करते हैं। उन्हें गले लगाइए और बताइए कि वे आपके लिए कितने खास हैं, क्योंकि आज वे आपके साथ हैं, लेकिन कल का कोई भरोसा नहीं।”

अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “मम्मी-पापा आपको बहुत याद कर रहे हैं।” सोनू सूद की बात करें तो अभिनेता जनवरी 2025 में एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘फतेह’ में नजर आए थे। इस फिल्म का निर्देशन उन्होंने खुद ही किया था। साइबर अपराध के गंभीर खतरे पर आधारित इस फिल्म में सोनू सूद, जैकलीन फर्नांडिस और नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिका में थे। सोनू सूद ने फिल्म में ‘फतेह सिंह’ नाम के एक पूर्व एजेंट का मुख्य किरदार निभाया है, जो एक स्थानीय लड़की के लापता होने के बाद इस पूरे साइबर रैकेट को खत्म करने के मैदान में उतरता है।