Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध इंदौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 लाख रुपए की भांग बरामद, एक...

इंदौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 लाख रुपए की भांग बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

0
10

भोपाल, 30 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर बाजार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख रुपए कीमत की 11 क्विंटल भांग जब्त की।

इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में भांग एक लोडिंग वाहन में भरकर अरविंदो क्षेत्र से इंदौर शहर में बिक्री के लिए लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर सदर बाजार थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में भांग भरी हुई मिली। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया। जांच में वाहन से कुल 11 क्विंटल भांग बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से हितेंद्र नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि भांग कहां से लाई गई थी और इसे शहर के किन इलाकों में खपाने की योजना थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सदर बाजार पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।