Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बुद्धिमान, मिलनसार और इकोसिस्टम के मददगार रंग-बिरंगे तोते, जानें ‘मिट्ठू’ से जुड़े...

बुद्धिमान, मिलनसार और इकोसिस्टम के मददगार रंग-बिरंगे तोते, जानें ‘मिट्ठू’ से जुड़े मजेदार तथ्य

0
4

नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। दुनियाभर में आज (31 मई) के दिन बुद्धिमान, मिलनसार और इकोसिस्टम के मददगार रंग-बिरंगे तोते का जश्न विश्व तोता दिवस के रूप में मनाया जाता है। तोते सिर्फ सुंदर और बोलने वाले पक्षी नहीं हैं, बल्कि प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। आज हम बात करेंगे भारत में आमतौर पर देखे जाने वाले तीन खास तोतों की रोज-रिंग्ड तोता, एलेक्जेंड्रिन तोता और प्लम-हेडेड पैरेट।

ये तीनों तोते बुद्धिमान, सामाजिक और बेहद सक्रिय होते हैं। आमतौर पर भारतीय घरों में तोतों को मिट्ठू पुकारा जाता है। वहीं, जंगलों या बाग-बगीचों में इन्हें अक्सर जोड़ों में या छोटे-छोटे झुंड में देखा जाता है। इनकी मुड़ी हुई मजबूत चोंच खाने के लिए बेहद उपयोगी है, जबकि पैरों की खास बनावट इन्हें पेड़ की डालियों को अच्छी तरह पकड़ने और भोजन चुनने में मदद करती है। ये पक्षी जहां जाते हैं, बीजों को फैलाते हैं और इस तरह प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं।

गुलाबी छल्ले वाला तोता (रोज-रिंग्ड पैरेट) :- यह भारत का सबसे प्रसिद्ध और आम तोता है। खासकर राजस्थान के साथ ही उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार जैसे राज्यों में इसे बहुत आसानी से देखा जा सकता है। शहरों के बगीचों, खेतों, पेड़ों और यहां तक कि बालकनियों पर भी ये चहचहाते नजर आते हैं। तोते के बारे में मजेदार तथ्य है कि इस तोते की याददाश्त बहुत तेज होती है। यह पुरानी जगहों और आवाजों को आसानी से याद रख लेता है। ये होशियार, मिलनसार और हमेशा ऊर्जा से भरे रहते हैं। इनकी वजह से बीज फैलते हैं और पर्यावरण स्वस्थ रहता है।

एलेक्जेंड्रिन तोता :- यह रोज-रिंग्ड तोते से थोड़ा बड़ा होता है। इसकी चोंच गहरे लाल रंग की और काफी ताकतवर होती है। इसके कंधे पर एक खास मैरून रंग का पैच होता है, जो इसे देखने में और आकर्षक बनाता है। इसकी मजबूत चोंच इसे सख्त बीज, मेवे और कठोर फलों को आसानी से तोड़ने में सक्षम बनाती है। यही वजह है कि यह अन्य तोतों की तुलना में ज्यादा बड़े-बड़े खाद्य पदार्थ खा सकता है। यह तोता अपनी ताकत और सुंदरता के लिए जाना जाता है।

प्लम-हेडेड पैरेट या बेर के सिर वाला तोता :- यह तोता अपने खूबसूरत सिर के रंग के लिए मशहूर है। नर तोते का सिर गहरे बेर (प्लम) रंग का होता है, जो देखने में बेहद आकर्षक लगता है। मादा का सिर हल्का भूरा होता है। दोनों में साफ अंतर दिखता है। ये तोते अपनी सुंदर चाल और रंगों के कारण पक्षी प्रेमियों के बीच खास पसंद किए जाते हैं। ये भी अन्य तोतों की तरह सामाजिक हैं और झुंड में रहना पसंद करते हैं।

पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि तोते सिर्फ मनोरंजन के साधन नहीं हैं। ये पर्यावरण के संकेतक भी हैं। अगर तोते स्वस्थ हैं तो इसका मतलब है कि पर्यावरण भी स्वस्थ है। लेकिन शहरीकरण, पेड़ कटाई और अवैध व्यापार के कारण इनकी संख्या पर असर पड़ रहा है।