Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गाजियाबाद: लोनी में ओमकार हत्याकांड पर नंद किशोर गुर्जर बोले- दहशत फैलाने...

गाजियाबाद: लोनी में ओमकार हत्याकांड पर नंद किशोर गुर्जर बोले- दहशत फैलाने की साजिश करने वालों को नहीं मिलेगी माफी

0
6

गाजियाबाद, 31 मई (आईएएनएस)। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में ओमकार के अपहरण और हत्या के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और कई टीमों को जांच में लगाया गया है।

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इससे केवल गाजियाबाद या उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के सनातनी समाज को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बकरीद के दिन कुर्बानी की प्रक्रिया का हवाला देकर हत्या करना और समाज में दहशत फैलाने की कोशिश करना अक्षम्य अपराध है।

नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है और इतनी गंभीर घटना के बावजूद हिंदू पक्ष ने शांति बनाए रखी है। उन्होंने योगी सरकार और पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश में यूपी पुलिस के काम की प्रशंसा हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में शामिल सभी साजिशकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस आगे भी इस मामले में बड़े खुलासे कर सकती है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जिन लोगों द्वारा बुलडोजर कार्रवाई की मांग की जा रही है और जो अन्य लोग इस मामले में साजिशकर्ता हैं, उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होगी। ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि वर्षों तक किसी जिहादी की ऐसी हरकत करने की हिम्मत न हो।

उन्होंने कहा कि लोनी में 72 घंटों के भीतर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अब लोनी में सन्नाटा है और किसी की हिम्मत नहीं है कि वह किसी की गर्दन काटने या ‘सर तन से जुदा’ जैसे नारे लगाने की कोशिश करे।

वहीं, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरण नैय्यर ने बताया कि थाना लोनी क्षेत्र में पुलिस को अपहरण और हत्या के संबंध में एक तहरीर प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए पुलिस ने छह विशेष टीमों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना से जुड़ी जानकारी एकत्र की। अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

राजकरण नैय्यर ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारी लोनी को निलंबित कर दिया गया है और प्रारंभिक जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और जांच के हर पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा।