अहमदाबाद, 31 मई (आईएएनएस)। भले ही आईपीएल 2026 के फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विरुद्ध 155/8 का स्कोर ही बना सकी, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने अर्धशतकीय पारी के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया।
इसी के साथ वॉशिंगटन सुंदर गुजरात टाइटंस के लिए ‘नंबर-4’ या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा बार 50 रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। सुंदर के अलावा, डेविड मिलर और हार्दिक पांड्या 3-3 बार ऐसा कर चुके हैं। इस लिस्ट में विजय शंकर और शाहरुख खान संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2-2 बार नंबर 4 या उससे नीचे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाए हैं।
रविवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इस टीम को 2.2 ओवर में कप्तान शुभमन गिल (10) के रूप में पहला झटका लगा।
टीम के खाते में 4 ही रन जुड़ सके थे कि साईं सुदर्शन (12) भी पवेलियन लौट गए। यहां से जोस बटलर ने निशांत संधू के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 55 के स्कोर तक पहुंचाया। संधू 18 गेंदों में 20 रन रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।
वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में 5 चौकों के साथ 50 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि अरशद खान ने टीम के खाते में 15 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेम से रासिक सलाम डार ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट निकाले। क्रुणाल पांड्या को 1 विकेट हाथ लगा।

