रांची, 1 जून (आईएएनएस)। झारखंड में जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए विकास सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने सूरज कुटिया और राजू कुंभकार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उलीडीह क्षेत्र के रहने वाले हैं।
सोमवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि शंकोसाईं रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह की हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। आरोपियों ने विकास को नशा करने के बहाने बुलाया और आदिवासी क्लब के पास ले जाकर चाकू और लोहे के रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में पता चला कि राजू कुंभकार अपने मौसेरे भाई सौरभ शर्मा उर्फ पवन की हत्या का बदला लेना चाहता था। करीब एक वर्ष पहले हुई उस हत्या में विकास सिंह के छोटे भाई विक्की सिंह का नाम सामने आया था। विक्की जेल भी गया था और हाल ही में बाहर आया है।
पुलिस के अनुसार, विक्की तक नहीं पहुंच पाने के कारण राजू ने उसके बड़े भाई विकास सिंह को निशाना बनाया। इसके लिए उसने अपने साथी सूरज कुटिया के साथ मिलकर योजना बनाई और फिर हत्या को अंजाम दिया।
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी मिला है। वहीं, पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी है।
सोमवार को अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र से एक शिक्षक की तेजधार हथियारों से हमलाकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई, जब वह अपनी बेटी को ट्यूशन क्लास छोड़कर घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जगदीप सिंह गहरी मंडी स्कूल में शिक्षक थे। जब जगदीप सिंह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़कर वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर और गर्दन पर तेजधार हथियारों से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस हत्या की पीछे की वजह और अपराधियों की तलाश में जुटी है।

