मुबंई, 2 जून (आईएएनएस)। डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर की फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ को रिलीज हुए 3 साल पूरे हो चुके है। फिल्म में विक्की कौशल और सारा अली खान की जोड़ी देखने को मिली थी। अब तीन साल पूरे होने के मौके पर अभिनेत्री सारा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म के कई यादगार पल दिखाए।
इस फिल्म में एक आम शादीशुदा जोड़े की कहानी को बड़े पर्दे पर मनोरंजक अंदाज में पेश किया था। फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और यह बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही।
इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो में सारा अली खान और विक्की कौशल के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक और रोमांटिक पल देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ”फिल्म को तीन साल पूरे हो गए हैं और इस अवसर पर मैं उन सभी लोगों को याद कर रही हूं, जिनके साथ मैंने इस फिल्म में काम किया था। मैं दर्शकों की आभारी हूं कि उन्होंने फिल्म को इतना प्यार और समर्थन दिया।”
फिल्म की बात करें तो यह मैडॉक फिल्म्स और जियो स्टूडियोज के बैनर तले बनाई गई थी। कहानी एक छोटे शहर में रहने वाले शादीशुदा जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपना खुद का घर खरीदने का सपना देखते हैं। इस सपने को पूरा करने के लिए दोनों कई चुनौतियों और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करते हैं। फिल्म में कॉमेडी, इमोशन्स और पारिवारिक रिश्तों का सुंदर मेल देखने को मिलता है।
2 जून 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआत में समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि दर्शकों ने इसे भरपूर प्यार दिया और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की।
सारा अली खान ने आईएएनएस से हाल ही में सोशल मीडिया पर होने वाले ट्रोलिंग को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ट्रोलिंग का असर उनकी मेंटल हेल्थ पर पड़ता है। एक कलाकार अपने दर्शकों के लिए काम करता है, इसलिए जब दर्शक किसी काम से निराश होते हैं या नकारात्मक प्रतिक्रिया देते हैं, तो उसका असर महसूस होना स्वाभाविक है।
सारा ने कहा, ”समय के साथ मैंने खुद के लिए काम करना सीख लिया है। करियर के शुरुआती दौर में मैं लोगों की राय को बहुत ज्यादा महत्व देती थीं, लेकिन अब मुझे समझ आ गया है कि एक कलाकार के लिए अपनी संतुष्टि और आत्मविश्वास भी उतना ही जरूरी है।

