नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार हुजैफा फारूक अहमद हाशमी को लेकर जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस द्वारा संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किए गए आरोपी को गुरुवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कोर्ट से हुजैफा फारूक अहमद हाशमी की 5 दिन की रिमांड मांगी। पुलिस ने अदालत को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपना क्यूआर कोड पाकिस्तान में बैठे अपने संपर्कों को भेजा था, जिसके जरिए उसके खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए।
पुलिस के अनुसार, हुजैफा पिछले करीब एक महीने से पाकिस्तान में मौजूद यावर खान के संपर्क में था। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी नेटवर्क के माध्यम से उसे करीब 1 लाख रुपए की रकम प्राप्त हुई थी। पुलिस ने अदालत को यह भी बताया कि मामले में अभी कई अहम खुलासे होने बाकी हैं और पूछताछ के आधार पर कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।
स्पेशल सेल ने कहा कि इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपियों के साथ हुजैफा का आमना-सामना कराकर पूछताछ करना भी जरूरी है, ताकि पूरे नेटवर्क और उसके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, हुजैफा अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहा था। उसने कुछ लोगों से कथित तौर पर कहा था कि इंस्टाग्राम पर सक्रिय पाकिस्तानी गैंगस्टर लोगों को विभिन्न कामों के बदले पैसे देते हैं। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हुजैफा फारूक अहमद हाशमी को मुंबई से गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में रहने का आरोप है।
फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं और उसके वित्तीय लेन-देन, डिजिटल गतिविधियों तथा संभावित नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हैं।

