Friday, June 5, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल पंत भारत के बेस्ट विकेटकीपर-बल्लेबाज, टेस्ट क्रिकेट में रहे हैं बेहद प्रभावशाली:...

पंत भारत के बेस्ट विकेटकीपर-बल्लेबाज, टेस्ट क्रिकेट में रहे हैं बेहद प्रभावशाली: देवांग गांधी

0
12

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। ऋषभ पंत इन दिनों खराब दौर से गुजर रहे हैं। आईपीएल 2026 में भी पंत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए उन्हें टीम में शामिल किया गया है। भारत के पूर्व खिलाड़ी और सिलेक्टर देवांग गांधी का मानना है कि पंत भारत के अब तक के सबसे बेस्ट विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे हैं।

देवांग गांधी ने ‘आईएएनएस’ के साथ बात करते हुए कहा पंत का बचाव करते हुए कहा कि सिलेक्टर्स भी उनकी काबिलियत को जानते हैं और इसी कारण उन्हें मौका दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “देखिए, सच कहूं तो, ऋषभ को कप्तानी इसलिए मिली क्योंकि शुभमन घायल हो गए थे। वह उपकप्तान थे। उनका इंग्लैंड दौरा शानदार रहा था। बदकिस्मती से, उस चोट की वजह से वह पूरी सीरीज नहीं खेल सके। आईपीएल का यह सीजन उनके लिए काफी खराब रहा। मुझे लगता है कि सिलेक्टर्स उन्हें देख रहे हैं कि वह बतौर बल्लेबाज खुद की खोई हुई फॉर्म को हासिल कर लें।

पूर्व सिलेक्टर ने आगे कहा, “ऐसा इसलिए है क्योंकि हम जानते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में वह कितने असरदार खिलाड़ी हैं। अपनी बैटिंग से उन्होंने अकेले ही हमें इतने सारे मैच जिताए हैं। इसी वजह से अगर वह उस लय को फिर से पा सकते हैं, तो मुझे लगता है कि सिलेक्टर्स यही देख रहे हैं, क्योंकि हमेशा हमें बड़ी पिक्चर देखनी होती है। कभी-कभी यह एक मुश्किल फैसला होता है, लेकिन यह खेल के बड़े हित के लिए होता है।”

ऋषभ पंत अफगानिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का 50वां मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे। देवांग गांधी ने कहा कि पंत का रिकॉर्ड विदेशी सरजमीं पर कमाल का रहा है। उन्होंने कहा, “यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि एक टेस्ट क्रिकेटर के तौर पर वह कैसे आगे बढ़े हैं। उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट पर जो असर डाला है और 50 टेस्ट मैच खेलना, यह एक बड़ी उपलब्धि है। अगर आप विदेशों में उनके प्रदर्शन को देखें, चाहे वह साउथ अफ्रीका हो, इंग्लैंड हो, या ऑस्ट्रेलिया में, उन्होंने कुछ बहुत असरदार मैच जिताने वाली पारियां खेली हैं।”

देवांग के अनुसार, पंत की शानदार कीपिंग को लेकर भी बात की जानी चाहिए। भारत के पूर्व क्रिकेटर ने कहा, “ऋषभ पंत की विकेटकीपिंग को लेकर कोई बात नहीं करता है। जिस तरह से उन्होंने अपनी कीपिंग में सुधार किया है, चाहे वह भारत हो या विदेश, उनका बतौर विकेटकीपर प्रदर्शन दमदार रहा है। मैं बस यही दुआ कर सकता हूं कि वह 50 टेस्ट मुकाबलों की उपलब्धि को 100 में बदलें। मैंने जितना भी क्रिकेट देखा है, जहां तक भारतीय विकेटकीपिंग बल्लेबाजी का सवाल है, तो ऋषभ शायद अब तक भारत के सबसे बेस्ट विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं।”

देवांग गांधी ने ऋषभ पंत की गाबा में खेली गई यादगार पारी भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह उस पारी को हमेशा प्यार से याद रखेंगे। देवांग ने कहा कि वह पंत को अच्छे स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह इस खराब दौर को पीछे छोड़ने में सफल रहेंगे।