Wednesday, July 29, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल जयडेन सील्स ने खोला ‘पंजा’, वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को...

जयडेन सील्स ने खोला ‘पंजा’, वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 90 रनों से हराया

0
6

त्रिनिदाद, 29 जुलाई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 90 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही कैरेबियाई टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में 211 रनों के लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 120 रन बनाकर सिमट गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अजान अवैस सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए, जबकि इमाम-उल-हक को भी केमार रोच ने महज 3 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। सलमान आगा अपना खाता तक खोलने में नाकाम रहे और जयडेन सील्स का शिकार बने। मोहम्मद रिजवान का बल्ला भी खामोश रहा और वह 28 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। आमिर जमाल 12 गेंदें खेलने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।

अली उस्मान को केमार रोच ने 2 रनों के स्कोर पर आउट किया, जबकि शान मसूद 3 रन ही बना सके। खुर्रम शहजाद सिर्फ 4 रनों का योगदान दे सके, तो मोहम्मद अली भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। कप्तान बाबर आजम एक छोर संभालकर खड़े रहे, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।

बाबर ने 107 गेंदों का सामना करते हुए 58 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की ओर से जयडेन सील्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14.2 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि केमार रोच और जस्टिन ग्रीव्स ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

इससे पहले, पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास ने 5 विकेट चटकाए और दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की पूरी टीम को 181 रनों पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। कैरेबियाई टीम की तरफ से दूसरी पारी में सर्वाधिक 38 रन शेमार जोसेफ ने बनाए। पहली पारी में शाई होप (92 रन) और केवम हॉज (84 रन) की दमदार पारी के बूते वेस्टइंडीज ने 311 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम शान मसूद (109 रन) की शतकीय पारी के बावजूद 282 रन ही बना सकी थी।