Sunday, June 7, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल फीफा वर्ल्ड कप: फ्रेंडली मुकाबले में ब्राजील-जर्मनी ने दर्ज की जीत, बेल्जियम...

फीफा वर्ल्ड कप: फ्रेंडली मुकाबले में ब्राजील-जर्मनी ने दर्ज की जीत, बेल्जियम ने ट्यूनीशिया को 5-0 से रौंदा

0
9

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के बीच कई बड़ी टीमों ने फ्रेंडली मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। ब्राजील, जर्मनी और पुर्तगाल ने जीत दर्ज की, जबकि बेल्जियम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्यूनीशिया को 5-0 से रौंदा।

ब्राजील ने मिस्र को 2-1 से हराकर अपने वर्ल्ड कप अभियान की तैयारियों को पुख्ता किया। मैच में ब्राजील की तरफ से ब्रूनो गुइमारेस और एंड्रिक ने गोल किए। गुइमारेस ने पहले हाफ में 18-यार्ड बॉक्स के पास शानदार फिनिश करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, मिस्र ने मुस्तफा जिको के गोल से वापसी की।

डिफेंडर मार्क्विनहोस की हुई गलती का मिस्र ने भरपूर फायदा उठाया। पहले हाफ में स्कोर 1-1 रहा। दूसरे हाफ में बदलाव के तौर पर आए युवा खिलाड़ी एंड्रिक ने राफिन्हा के क्रॉस पर बेहतरीन गोल करके ब्राजील को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद ब्राजील ने बढ़त बनाए रखी और मैच को 2-1 से अपने नाम किया।

वहीं,जर्मनी ने अमेरिका के खिलाफ शिकागो के सोल्जर फील्ड में शानदार प्रदर्शन किया। जर्मनी के लिए पहला गोल काई हैवर्ट्ज ने दागा, लेकिन अमेरिका ने एंटोनी रॉबिन्सन के दमदार गोल से बराबरी कर ली। मैच में रोमांच बना रहा, लेकिन लेरॉय साने ने निर्णायक गोल करके जर्मनी को 2-1 से जीत दिलाई। इस जीत के साथ जर्मनी ने लगातार अपनी मजबूत फॉर्म जारी रखी और यह उनकी लगातार नौवीं जीत रही।

पुर्तगाल ने चिली के खिलाफ जीत दर्ज की,लेकिन यह जीत टीम के लिए पूरी तरह आसान नहीं रही। मैच में राफेल लियो को पहले हाफ में एक विवादित घटना के कारण रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे पुर्तगाल को झटका लगा। इसके बावजूद दूसरे हाफ में गोंकालो गुएडेस और ब्रूनो फर्नांडिस ने शानदार गोल करके टीम को जीत दिलाई। कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो कुछ ही समय मैदान पर रहे और बाद में उन्हें आराम दिया गया।

दूसरी तरफ, बेल्जियम ने ट्यूनीशिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 खिलाड़ियों की टीम को 5-0 से धूल चटाई। बेल्जियम की तरफ से लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने पहला गोल 28वें मिनट में किया। दूसरे हाफ की शुरुआत में अटलांटा के चार्ल्स डी केटेलेयर ने बेल्जियम की बढ़त दोगुनी कर दी,और इसके तुरंत बाद इस्माइल गार्बी को रेड कार्ड मिलने से मैच मेजबान टीम के पक्ष में और झुक गया। बेल्जियम के कप्तान केविन डी ब्रुइन ने अपना 37वां इंटरनेशनल गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया। इसके बाद डोडी ल्यूकेबाकियो और निकोलस रस्किन ने गोल करते हुए बेल्जियम की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी।