Wednesday, July 29, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल सीडब्ल्यूजी 2026: प्रिया महिलाओं के 60 किग्रा बॉक्सिंग सेमीफाइनल में पहुंचीं, भारत...

सीडब्ल्यूजी 2026: प्रिया महिलाओं के 60 किग्रा बॉक्सिंग सेमीफाइनल में पहुंचीं, भारत का एक और मेडल पक्का

0
3

ग्लासगो, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला मुक्केबाज प्रिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 60 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्रिया ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 के निर्णय से हराया। इसी के साथ प्रिया ने साथी बॉक्सर प्रीति के साथ मिलकर भारत के लिए मेडल पक्का किया। प्रिया अब 31 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेंगी।

प्रिया ने पांच में से चार जजों के स्कोरकार्ड पर पहला राउंड हारने के बाद भी जबरदस्त संयम दिखाया। उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरे और तीसरे राउंड में तेज कॉम्बिनेशन, असरदार काउंटर-अटैक और रिंग पर बेहतर कंट्रोल के साथ दबदबा बनाया। चार जजों ने मुकाबले का स्कोर प्रिया के पक्ष में 28-27 दिया, जबकि पांचवें जज ने उन्हें 29-26 का फैसला दिया, जिससे उनकी 4-1 से शानदार जीत सुनिश्चित हो गई।

इसी के साथ, भारतीय बॉक्सर सेमीफाइनल में पहुंच गईं। अब वह गोल्ड मेडल मुकाबले में जगह बनाने से बस एक जीत दूर हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग नियमों के अनुसार, सेमीफाइनल में जगह बनाने का मतलब कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का करना है।

इससे पहले, साथी बॉक्सर प्रीति ने नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड पर एकतरफा और सर्वसम्मत फैसले से जीत हासिल करके महिलाओं के 54 किग्रा सेमीफाइनल में जगह बनाकर ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया।

भारतीय बॉक्सर ने एसईसी हॉल 5 में हुए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में प्रत्येक राउंड में क्लाइड को पछाड़कर प्वाइंट्स के आधार पर 5-0 से बड़ी जीत दर्ज की। प्रीति ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को बैकफुट पर रखा। उन्होंने सभी पांचों जजों के स्कोरकार्ड पर तीनों राउंड जीते।

स्कोरबोर्ड पर उनका दबदबा साफ नजर आया, जिसमें जजों ने भारतीय बॉक्सर के पक्ष में 30-25, 30-25, 30-26, 30-26 और 30-27 का स्कोर दिया। मुकाबले के दौरान क्लाइड तीन बार गिरीं। यह जीत ‘राउंड ऑफ 16’ में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद मिली है, जहां मलावी की म्टेंजे के खिलाफ दूसरे राउंड में रेफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने के बाद प्रीति अगले दौर में पहुंची थीं।