पटना, 9 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने मंगलवार को विभिन्न मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की स्थिति, इंडिया गठबंधन की एकजुटता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
टीएमसी में कथित तौर पर बढ़ रही अंदरूनी कलह और नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पार्टी के भीतर भगदड़ और उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के अंदर भगदड़ और उथल-पुथल मची है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने जिस तरह से कथित तौर पर गुंडागर्दी की है, उसका असर अब दिख रहा है और इसी वजह से पार्टी के कई लोग अब इसके खिलाफ हो रहे हैं।
वहीं, इंडिया गठबंधन की हालिया बैठक में कई सहयोगी दलों की अनुपस्थिति को लेकर उन्होंने विपक्षी एकता पर सवाल उठाए। जायसवाल ने कहा कि जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, इंडी अलायंस कोई ‘महागठबंधन’ नहीं, बल्कि ‘महालठबंधन’ है। इसके सदस्यों के बीच आपसी कलह शुरू हो चुकी है। मेरी नजर में कांग्रेस और राहुल गांधी कभी भी क्षेत्रीय पार्टियों को आगे नहीं बढ़ने देते। यही कारण है कि इंडी अलायंस पूरी तरह बिखर गया है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के साथ रहने के कारण जो भी उस जहाज पर हैं, उनका डूबना तय है, क्योंकि राहुल गांधी देश विरोधी ताकतों की बात बोलते हैं और देश की विचारधारा के खिलाफ बोलते हैं। इस देश की विचारधारा और सनातन के खिलाफ जो भी बोलेगा, उसका डूबना तय है। जायसवाल ने आगे कहा कि कांग्रेस को यह बात कभी समझ नहीं आएगी क्योंकि राहुल गांधी को भगवान ने कांग्रेस की नैया डुबोने के लिए भेजा है और वह बस अपना वही फर्ज निभा रहे हैं। जिस दिन वह कांग्रेस की नैया डुबो देंगे, उस दिन उन्हें शांति मिल जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 जून को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि हासिल करने के संदर्भ में मंत्री जायसवाल ने उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और भारत के सम्मानित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में पूरी दुनिया में इतिहास रचा है और वैश्विक पहचान हासिल की है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। आज कोई भी देश भारत की ओर बुरी नजर से देखने की हिम्मत नहीं करता और वैश्विक संकट के दौर में भी भारत ने मजबूती से अपनी स्थिति बनाए रखी है।
जायसवाल ने आगे कहा कि कोरोना काल से 140 करोड़ लोगों में से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज की सुविधा प्राप्त हो रही है। पूरा विश्व इस बात पर विचार कर रहा है कि भारत यह सब कैसे कर रहा है। एक तरफ वैश्विक संकट से तबाही मची हुई है और कई देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें दोगुनी हो गई हैं, लेकिन हमारे यहां कीमतों में सीमित वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना साकार होगा। साथ ही, यह देश खुशहाली और प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।

