नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए शनिवार (25 जुलाई) सुबह 7.30 बजे से अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने की घोषणा की।
यह घोषणा नीट पेपर लीक विवाद को लेकर जंतर-मंतर पर छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच की गई है। इन प्रदर्शनों में भारी भीड़ जुटी है और राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डीएमआसी के अनुसार, पूरे नेटवर्क में कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जो स्टेशन बंद रहने वाले हैं, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली, शामिल हैं।
एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर ट्रेन सेवाएं केवल धौला कुआं और यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 के बीच ही उपलब्ध रहेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करने और संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है। खासकर सेंट्रल दिल्ली के आसपास, जहां हजारों छात्र, अभिभावक और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रभावित स्टेशनों में से कई के पास स्थित जंतर-मंतर इस आंदोलन का केंद्र बन गया है, जहां प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही और व्यवस्थागत सुधार की मांग कर रहे हैं।
डीएमआरसी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और उनसे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाने का आग्रह किया।
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बंद स्टेशनों और विरोध प्रदर्शन वाली जगहों के आसपास सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ाने की उम्मीद है।

