Wednesday, June 17, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली में 500 तिरंगे हटाने के आरोप पर सरकार घिरी, आम आदमी...

दिल्ली में 500 तिरंगे हटाने के आरोप पर सरकार घिरी, आम आदमी पार्टी ने साधा निशाना

0
15

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए विशाल राष्ट्रीय ध्वजों को हटाए जाने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार ने राजधानी में लगाए गए करीब 500 तिरंगों को हटवा दिया है, जो देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक थे।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे दिल्ली में लगभग 500 स्थानों पर 150 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किए थे। उनका कहना है कि इन तिरंगों को देखकर दिल्लीवासियों में देशभक्ति की भावना जागृत होती थी और राष्ट्रीय गौरव का एहसास होता था। हालांकि, अब राजधानी के कई इलाकों में केवल झंडों के खंभे दिखाई दे रहे हैं और तिरंगे गायब हैं।

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया कि दिल्ली से 500 तिरंगे आखिर कहां गायब हो गए हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इन राष्ट्रीय ध्वजों को हटवा दिया है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 में अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में 100 फीट से अधिक ऊंचाई वाले विशाल तिरंगे लगवाए थे, जिन्हें देखकर लोगों में गर्व की भावना पैदा होती थी।

उनका आरोप है कि सरकार ने इन सभी तिरंगों को हटाकर बेहद शर्मनाक कार्य किया है। पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि सरकार का तिरंगे के प्रति रवैया हमेशा सवालों के घेरे में रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में लगे राष्ट्रीय ध्वजों को हटाना देशभक्ति की भावना के खिलाफ कदम है।