Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल पर अयोध्या के संतों का अभिनंदन,...

पीएम मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल पर अयोध्या के संतों का अभिनंदन, कहा- ‘सरकार ने हर क्षेत्र में किया विकास’

0
8

अयोध्या, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री पद पर नरेंद्र मोदी के देश में सबसे लंबे कार्यकाल को लेकर अयोध्या के साधु-संतों ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कार्यों की प्रशंसा की। इसके साथ ही, साधु-संतों ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने हर क्षेत्र में विकास किया है। ‘सबका साथ-सबका विकास’ उनका संकल्प रहा है।

सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी के महंत देवेशाचार्य जी महाराज ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह खुशी की बात है कि भारत के सभी प्रधानमंत्रियों में पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यकाल सबसे लंबा रहा है। इनका सबसे बड़ा योगदान देश के प्रति उनका समर्पण, देश के लिए उनकी प्रतिबद्धता और सनातन संस्कृति के प्रति उनकी निष्ठा, प्रतिबद्धता और प्रेम है। यही वजह है कि वे सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों में से एक बन गए हैं।”

उन्होंने कहा, “पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने हर क्षेत्र में विकास किया है। ‘सबका साथ-सबका विकास’ उनका संकल्प रहा है। सबसे बड़ा संकल्प यही रहा है कि कोई भी व्यक्ति अछूता न रहे और देश के विकास में सभी का योगदान हो।”

अयोध्या के जैन मंदिर पीठाधीश्वर ने कहा, “मैंने अपनी जिंदगी के पिछले 50-60 सालों में कई राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों को इस देश का नेतृत्व करते देखा है। लेकिन, पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को जो लीडरशिप मिली है, वह वाकई शानदार रही है। मेरा मानना ​​है कि उन्होंने जो भी फैसले खुद लिए हैं या कैबिनेट के जरिए लिए हैं, वे सभी भारत के हित में रहे हैं। यह देश कई समुदायों और धर्मों का घर है, और सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री हमेशा ऐसे फैसले लेते हैं, जिनसे समाज के किसी भी वर्ग को कोई नुकसान न पहुंचे।”

आर्य संत वरुण दास महाराज ने कहा, “भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री, जिन्होंने दुनिया भर की यात्रा करके भारत के रिश्तों को मजबूत किया है। उनके सामने कई तरह की स्थितियां, अनुकूल और प्रतिकूल आती रहती हैं। कोरोना भी पीएम मोदी के कार्यकाल के दौरान आया। उस आपातकाल से भी वे देश को निकालकर लाए। इतने लंबे समय तक देश का नेतृत्व करने के लिए इनको हमारी मंगलकामनाएं हैं।”

महंत सीताराम दास जी महाराज ने कहा, “देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करना अपने आप में असाधारण, दिव्य और बेमिसाल है। उन्होंने भारत को विश्व मंच पर स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति का मान बढ़ाया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की गरिमा और सम्मान को ऊंचा किया है। उन्होंने भारत को दुनिया की तीसरी या चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी काम किया है।”