Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ग्रेटर नोएडा में तेज आंधी-तूफान का कहर, निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने...

ग्रेटर नोएडा में तेज आंधी-तूफान का कहर, निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से मची अफरा-तफरी

0
11

ग्रेटर नोएडा, 10 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने बुधवार को भारी तबाही मचाई। रबूपुरा क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक भरभराकर पड़ोस के मकान पर गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में पड़ोसी मकान की छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय मकान के अंदर मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार रबूपुरा क्षेत्र में एक मकान की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के दबाव के चलते निर्माणाधीन हिस्से की एक दीवार संतुलन खो बैठी और बगल में बने मकान पर जा गिरी। दीवार गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीवार गिरते ही पड़ोसी मकान की छत का एक हिस्सा भी ढह गया। उस समय मकान के अंदर परिवार के कई सदस्य मौजूद थे। जोरदार आवाज और कंपन महसूस होने पर सभी लोग तत्काल घर से बाहर निकल आए। कुछ ही क्षण बाद दीवार और मलबा मकान पर आ गिरा। यदि परिवार के सदस्य समय रहते बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने राहत और बचाव कार्य में सहयोग करते हुए मलबे की जांच की तथा यह सुनिश्चित किया कि कोई व्यक्ति उसके नीचे न दबा हो। हादसे में दोनों मकानों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, खासकर ऐसे मौसम में जब तेज आंधी और तूफान की संभावना बनी रहती है।