Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति महंगाई और परीक्षा घोटालों के खिलाफ कांग्रेस शुरू करेगी 3 महीने का...

महंगाई और परीक्षा घोटालों के खिलाफ कांग्रेस शुरू करेगी 3 महीने का राष्ट्रीय अभियान

0
13

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस ने देशभर में महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षा घोटालों, सामाजिक असमानता और केंद्र सरकार की विदेश नीति के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान किया। पार्टी ने अगले तीन महीनों तक राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक जनसंपर्क और विरोध अभियान चलाने का फैसला किया, जिसमें हर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता को मैदान में उतरने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान की जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को एआईसीसी मुख्यालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद दी। बैठक में संगठनात्मक रणनीतियों, आगामी आंदोलनों और राज्यसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल ने कहा, “अगले तीन महीनों तक कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाएगी। पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएगा और सड़कों पर उतरकर लोगों के मुद्दे उठाएगा।”

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि आज देश महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षा घोटालों और सामाजिक असमानता जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। नीट और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों ने लाखों युवाओं और उनके परिवारों का भरोसा डगमगा दिया है। राहुल गांधी ने प्रभावित छात्रों और युवाओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी आवाज को मजबूती से देश के सामने रखा।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन संस्थाओं और व्यवस्थाओं को बनाने में दशकों लगे, उन्हें अब कमजोर किया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी केवल राजनीतिक संघर्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा करना भी उनका कर्तव्य है।

केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना साधते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच तीन भारतीयों की मौत हो चुकी है, लेकिन सरकार का रुख स्पष्ट नहीं दिख रहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार की जल्दबाजी भारतीय किसानों के हितों को नुकसान पहुंचा सकती है।