SGSU Advertisement
Home राजनीति आराधना मिश्रा ने यूपी की कमान सौंपने पर जताया कांग्रेस नेतृत्व का...

आराधना मिश्रा ने यूपी की कमान सौंपने पर जताया कांग्रेस नेतृत्व का आभार, बोलीं- ‘बदलेगा प्रदेश का राजनीतिक परिदृश्य’

0
3

लखनऊ, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने शनिवार को शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘इंडी’ गठबंधन मजबूत हो रहा है और राज्य का राजनीतिक परिदृश्य बदलने वाला है।

आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए “सबसे पहले, मुझे इस जिम्मेदारी के लिए चुनने पर मैं शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करती हूं। हमारा परिवार चार पीढ़ियों से कांग्रेस के साथ जुड़ा हुआ है। मैं बस इतना ही कहूंगी कि मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इस पद की गरिमा बनाए रखूंगी।”

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए सीटों को लेकर इमरान मसूद के बयान पर आराधना मिश्रा ने कहा, “यह फैसला शीर्ष नेतृत्व का है और मुझे पूरा भरोसा है कि शीर्ष नेतृत्व जो भी फैसला लेगा, उसमें कांग्रेस के हर कार्यकर्ता की भावनाओं और पार्टी की गरिमा का ध्यान रखा जाएगा।”

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद और पार्टी सुप्रीमो मायावती के बारे में आराधना मिश्रा ने कहा, “यह बसपा का अंदरूनी मामला है। हालांकि, इस तरह से किसी भी व्यक्ति या पार्टी की राजनीतिक विश्वसनीयता कमजोर होती है। मायावती एक बहुत वरिष्ठ नेता हैं। वह अपनी पार्टी और समुदाय के लिए जो भी फैसला लेंगी, वह उनका अपना फैसला होगा और वह अपनी समझ-बूझ से ही लिया जाएगा।”

मंत्री ओम प्रकाश राजभर के इस बयान पर कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के उम्मीदवार समाजवादी पार्टी को वोट देंगे, आराधना मिश्रा ने कहा, “जैसे-जैसे ‘इंडी’ गठबंधन मजबूत होगा, भविष्य में आपको इसके और सबूत देखने को मिलेंगे। एक तरह की घबराहट फैल गई है। एक भगदड़-सी मची है। क्योंकि हर कोई यह महसूस करता है कि कोई भी डूबते जहाज पर सवार नहीं होना चाहता, इसलिए 2027 की ओर बढ़ते हुए राजनीतिक परिदृश्य बदलने वाला है।”