Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली के शकरपुर में युवक पर चाकू से हमला, मामले की जांच...

दिल्ली के शकरपुर में युवक पर चाकू से हमला, मामले की जांच में जुटी पुलिस

0
6

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के शकरपुर इलाके में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घायल अवस्था में मिले युवक को राहगीर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, शनिवार को देर रात करीब 1:45 बजे थाना शकरपुर में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें सूचना दी गई कि प्रीत विहार स्थित मलिक रेडिक्स अस्पताल में एक अज्ञात घायल व्यक्ति को भर्ती कराया गया है, जिसके शरीर पर चाकू से हमले के निशान हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान कॉल करने वाले अंकित शंकर (30), निवासी शकरपुर, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मदर डेयरी फ्लाईओवर से लक्ष्मी नगर मेट्रो रेड लाइट की ओर जाने वाले मार्ग के पास एक युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा था। इसके बाद उन्होंने घायल को उपचार के लिए मलिक रेडिक्स अस्पताल पहुंचाया।

घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय मोहित तिवारी के रूप में हुई है, जो पांडव नगर स्थित गणेश नगर कॉम्प्लेक्स का निवासी है। चिकित्सकीय जांच में मोहित के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए चार घाव पाए गए। चोटों की गंभीरता को देखते हुए पहले उन्हें मलिक रेडिक्स अस्पताल से मेट्रो अस्पताल, प्रीत विहार रेफर किया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए दिल्ली गेट स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों से सुराग जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मोहित तिवारी पर हमला किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।