Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध जयपुर में एसीबी का बड़ा एक्शन, बेंगलुरु पुलिस के तीन जवान रिश्वत...

जयपुर में एसीबी का बड़ा एक्शन, बेंगलुरु पुलिस के तीन जवान रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
7

जयपुर, 14 जून (आईएएनएस)। राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में एक सनसनीखेज मामला उजागर किया है। एसीबी की टीम ने बेंगलुरु पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर अनीता, हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और हेड कांस्टेबल उत्प्पा शामिल हैं। ये तीनों दहेज उत्पीड़न के एक मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए हुए थे। एसीबी के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता से मामले में अनुकूल रिपोर्ट देने के एवज में 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद दोनों पक्ष 40 हजार रुपए की पहली किस्त पर सहमत हुए।

14 जून की सुबह एसीबी की टीम ने होटल गणगौर में सतर्कता के साथ ट्रैप ऑपरेशन अंजाम दिया। जैसे ही आरोपियों ने 40 हजार रुपए की राशि ली, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। पूरी कार्रवाई एएसपी भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई, जबकि डीआईजी ओम प्रकाश मीणा पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे थे। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु पुलिस के ये जवान जयपुर में दहेज मामले की जांच का बहाना बनाकर रिश्वत वसूल रहे थे। शिकायतकर्ता ने जब रिश्वत देने से इनकार किया तो आरोपियों ने धमकी दी कि केस में उनका नाम शामिल कर दिया जाएगा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया, जिसके बाद यह ट्रैप ऑपरेशन किया गया।

गिरफ्तार तीनों पुलिसकर्मियों से पूछताछ जारी है। एसीबी इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या ये जवान अकेले काम कर रहे थे या उनके ऊपर कोई बड़ा अधिकारी भी शामिल है।

राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि भले ही दूसरे राज्य के पुलिसकर्मी हों, लेकिन रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेंगलुरु पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।