Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गोंडा में मुहर्रम को लेकर प्रशासन की तैयारी पूरी, सोशल मीडिया पर...

गोंडा में मुहर्रम को लेकर प्रशासन की तैयारी पूरी, सोशल मीडिया पर भी रखी जाएगी नजर: एसपी विनीत जायसवाल

0
6

गोंडा, 18 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुहर्रम की तैयारी को लेकर प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं। इसे लेकर प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस सतर्क है। गोंडा के एसपी का कहना है कि मुहर्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मुहर्रम को लेकर गोंडा प्रशासन की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी थानों पर क्षेत्र के लोगों और धर्मगुरुओं के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इसके साथ ही, जिलाधिकारी और एसपी के नेतृत्व में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक भी सम्पन्न हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि शासन की गाइडलाइन से सभी को अवगत करा दिया गया है। सभी लोग सहयोग कर रहे हैं और आश्वासन दिया है कि गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। जुलूस शुरू हो चुके हैं, रोजाना जुलूस निकलने वाले हैं। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। सभी पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट ग्राउंड पर रहकर कार्यक्रमों को सम्पन्न करवा रहे हैं। सोशल मीडिया सेल की तरफ से भी तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि अगर किसी भी तरफ से सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की गई तो उन्हें चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, नीट परीक्षा तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर एक बैठक की थी, जिसमें उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए थे।

सीएम योगी ने कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परंपरा की शुरुआत तथा कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने ताजिया की ऊंचाई को लेकर नियमों का पालन करने की चेतावनी दी थी।

वहीं, इस बीच बरेली के एसपी ने बताया कि मिलिट्री इंटेलिजेंस लोकल यूनिट बरेली की तरफ से कैंट थाने को सूचना मिली थी कि एक दुकान पर कॉम्बैट यूनिफॉर्म का भंडारण किया जा रहा है। इस सूचना पर कैंट थाना पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस लोकल यूनिट ने संयुक्त रूप से दुकान में छापेमारी की, जहां से 2100 मीटर कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा बरामद किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि इस बरामदगी के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया गया है।