Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अटल इनक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन, युवाओं के स्टार्टअप सपनों को मिलेगी उड़ान:...

अटल इनक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन, युवाओं के स्टार्टअप सपनों को मिलेगी उड़ान: आशीष सूद

0
3

द्वारका, 18 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को द्वारका स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (एनएसयूटी) में अटल इनक्यूबेशन सेंटर (एआईसी) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र छात्रों और युवा इनोवेटर्स को मेंटरशिप, मार्गदर्शन और संस्थागत सहायता प्रदान कर उनके नवाचारों को सफल स्टार्टअप में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आशीष सूद ने कहा कि आज देश के युवा पारंपरिक सोच से आगे बढ़ चुके हैं और रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में उनकी मुलाकात कई ऐसे छात्रों से हुई है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में अभिनव समाधान विकसित कर रहे हैं। आज के युवा कॉलेज कैंपस में बैठकर केवल प्लेसमेंट का इंतजार नहीं कर रहे हैं, बल्कि ऐसे प्लेटफॉर्म और तकनीक विकसित कर रहे हैं जो भविष्य में सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे। यह बदलाव एक दिन में नहीं आया है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तैयार हुए एक बड़े आंदोलन का परिणाम है।

12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित स्टार्टअप यूथ फेस्टिवल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस कार्यक्रम में उन्होंने हजारों युवाओं की आंखों में कुछ नया करने का जुनून देखा था। उन्होंने कहा कि वह महज एक आयोजन नहीं था, बल्कि इस बात की घोषणा थी कि दिल्ली का युवा अब पुरानी लीक पर चलने को तैयार नहीं है और बड़े सपनों को साकार करने के लिए जोखिम उठाने को तैयार है।

उन्होंने आगे कहा कि वह समय बीत चुका है जब कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने के बाद केवल सुरक्षित नौकरी पाना ही युवाओं का सपना होता था। आज का युवा समस्याओं को देखकर शिकायत नहीं करता, बल्कि उन्हें अवसर में बदलते हुए अपना स्टार्टअप शुरू करता है।

वहीं, कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में आशीष सूद ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर स्थापित अटल इनक्यूबेशन सेंटर और एनएसयूटी मिलकर एक ऐसा नवाचार इकोसिस्टम तैयार कर रहे हैं, जो युवाओं को नए विचारों पर काम करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है जहां उन्हें असफलता का भय न हो, सफलता मिलने पर वे सही दिशा में आगे बढ़ें और उन्हें अनुभवी विशेषज्ञों से उचित मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए यह पहल युवाओं के लिए एक मजबूत मंच साबित होगी। सूद ने विश्वास जताया कि एनएसयूटी और अटल इनक्यूबेशन सेंटर की संयुक्त पहल दिल्ली के स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र न केवल नए स्टार्टअप्स को विकसित करने में मदद करेगा, बल्कि तकनीक आधारित समाधान तैयार कर देश के आर्थिक विकास और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती देगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में इस सेंटर से निकलने वाले स्टार्टअप्स राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे तथा दिल्ली को देश की प्रमुख स्टार्टअप राजधानी बनाने में योगदान देंगे।