कोलकाता, 19 जून (आईएएनएस)। आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को दो निलंबित भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों से पूछताछ की। वहीं, मामले में पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत कुमार गोयल को भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है।
सीबीआई ने शुक्रवार दोपहर जिन दो अधिकारियों से पूछताछ की, उनमें तत्कालीन उत्तर डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक गुप्ता और सेंट्रल डिवीजन की तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर इंदिरा मुखर्जी शामिल हैं।
हालांकि, सीबीआई अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान इन अधिकारियों से किए गए सवालों या जांच के बिंदुओं का खुलासा नहीं किया। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत कुमार गोयल को भी इसी मामले में पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इन तीनों आईपीएस अधिकारियों को निलंबित करने के साथ-साथ आर.जी. कर रेप-मर्डर मामले की फाइलों को दोबारा खोलने का आदेश दिया था। उन्होंने इनके खिलाफ विभागीय जांच के भी निर्देश दिए थे और कहा था कि मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भूमिका की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया था कि राज्य सरकार की समानांतर जांच से सीबीआई की जांच प्रभावित नहीं होगी।
गौरतलब है कि 9 अगस्त 2024 की सुबह कोलकाता स्थित सरकारी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर से एक जूनियर महिला डॉक्टर का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच कोलकाता पुलिस ने की थी, जिसके दौरान इन निलंबित आईपीएस अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठे थे।
बाद में कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। पुलिस और सीबीआई दोनों ने संजय रॉय को दुष्कर्म और हत्या का मुख्य आरोपी माना है, लेकिन केंद्रीय एजेंसी अब भी इस जघन्य अपराध के पीछे किसी बड़ी साजिश की संभावना की जांच कर रही है।

