नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। विदेशी पर्यटक से 35,000 रुपये छीनने के आरोप में उबर राइडर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास के एक मोटरसाइकिल जब्त की है और 4,200 रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 16 जून को दिल्ली के करोल बाग पुलिस स्टेशन में 35 हजार रुपये छीने जाने को लेकर पीसीआर पर जानकारी दी गई थी। मामले की जानकारी होते ही पुलिस एक्टिव हुई। मौके पर जाकर पुलिस की ओर से पूछताछ की गई तो पता चला कि शिकायतकर्ता एक श्रीलंकाई नागरिक था जो करोल बाग के कॉस्मो होटल में ठहरा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सुबह-सुबह शांगरी-ला होटल से कॉस्मो होटल तक के लिए उबर मोटरसाइकिल राइड बुक की थी। होटल पहुंचने के बाद, जब वह अपने वॉलेट से 75 रुपए का किराया दे रहा था, तभी उबर बाइकर ने अचानक 35 हजार रुपए नकद छीन लिए और अपनी मोटरसाइकिल से मौके से भाग गया।
करोल बाग पुलिस स्टेशन में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच टीम को सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि आरोपी दिल्ली के मलका गंज की ओर भागा था।
उबर से राइडर और मोटरसाइकिल के बारे में मिली तकनीकी जानकारी और विवरण के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली के घंटा घर, रोशनआरा रोड तक पहुंची। जहां पुलिस टीम ने छापेमारी की और आरोपी को पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, लगातार पूछताछ के दौरान, आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि विदेशी नागरिक को होटल छोड़ने के बाद, जब वह किराया दे रहा था, तो उसने शिकायतकर्ता के वॉलेट में कैश देखा। मौका पाकर, उसने अचानक पैसे छीने और वहां से भाग गया।
पुलिस ने चोरी की गई रकम में से 4,200 रुपए बरामद किए। बाकी रकम बरामद करने के लिए आगे की जांच चल रही है।

