Saturday, June 20, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : नई दिल्ली में 40 जगहों पर कार्यक्रम, जनपथ...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : नई दिल्ली में 40 जगहों पर कार्यक्रम, जनपथ पर शामिल होंगे जेपी नड्डा

0
9

नई दिल्‍ली, 20 जून (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्‍थान के डीन (पीएचडी) प्रो. महेश व्यास ने कहा कि दिल्ली में 40 जगहों पर योग दिवस के खास कार्यक्रम होंगे, जिसमें जनपथ पर एक मुख्य कार्यक्रम भी शामिल है, जिसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल होंगे।

प्रो. महेश व्यास ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान पूरे विश्‍व को अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि 21 जून को पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया जाएगा। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्‍थान के परिसर में भी योग दिवस का आयोजन किया गया है।

उन्‍होंने बताया कि दिल्‍ली में 40 अलग-अलग जगहों पर योग दिवस का आयोजन किया गया है। इस दिन जनपथ पर केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जेपी नड्डा उपस्थित रहेंगे और उनके सानिध्‍य में कार्यक्रम संपन्‍न होगा। पीएम मोदी के नेतृत्‍व में पूरे विश्‍व में योग पहुंचा है, इसके लिए उन्‍हें आभार और बधाई देता हूं। हमारे देश में कहावत है कि रोज करें योग, दूर भगाएं रोग। जो भी व्‍यक्ति योग करेगा, वह निश्चित रूप से स्‍वस्‍थ रहेगा।

उन्‍होंने कहा कि इस बार आयुष मंत्रालय ने ‘योग 365’ का थीम दिया है। इसका मतलब है कि हमें प्रतिदिन योग करना है। योग करने से स्‍वस्‍थ परिवार, स्‍वस्‍थ समाज, स्‍वस्‍थ राष्‍ट्र और स्‍वस्‍थ विश्‍व का निर्माण निश्चित रूप से संभव है।

प्रो. महेश व्यास ने बताया कि इस बार का मुख्‍य आयोजन कोलकाता में किया जा रहा है। अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस का मुख्‍य आयोजन हर साल अलग-अलग स्‍थानों पर किया जाता है। सुबह के समय मुख्‍यत: दो कार्यक्रम होते हैं। पहला पीएम मोदी का राष्‍ट्र के नाम उद्बोधन, इसमें लोगों को योग करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इसके बाद 45 मिनट का योग प्रोटोकॉल प्रत्‍येक व्‍यक्ति को कराया जाता है। 45 मिनट का योग प्रोटोकॉल यू-ट्यूब और टीवी चैनल पर उपलब्‍ध है।

उन्‍होंने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि जो योग कार्यक्रम में नहीं पहुंच पा रहे हैं, वह अपने घर पर उस प्रोटोकॉल को देखकर योग कर सकते हैं। लोग योग को अपनाएं और परिवार को स्‍वस्‍थ बनाएं।