नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के मीठापुर इलाके से दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। जहां शराब और ड्रग्स के नशे में धुत एक पिता ने अपने ही दो साल के मासूम बच्चे को बुरी तरह पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पति ने सिर्फ अपने बच्चे पर ही हमला नहीं किया बल्कि उसने पत्नी पर भी जोरदार हमला किया। पत्नी की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे मीठापुर स्थित लखपत कॉलोनी के एक मकान में यह दर्दनाक घटना हुई। पुलिस स्टेशन जैतपुर को पीसीआर कॉल मिलने के तुरंत बाद टीम मौके पर पहुंची।
शिकायतकर्ता आरती (पत्नी) ने पुलिस को बताया कि उसका पति चंदन शर्मा (34) नियमित रूप से शराब और ड्रग्स का सेवन करता था। छोटी-सी बात पर घरेलू झगड़ा शुरू हुआ, जो जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पत्नी ने कहा कि उसके पति चंदन शर्मा ने झगड़े के बाद उस पर और उसके दो नाबालिग बच्चों पर बुरी तरह हमला किया।
बुरी तरह से घायल दो साल के बेटे को तुरंत सफदरजंग हॉस्पिटल ले जाया गया। अच्छे इलाज के बावजूद बच्चे ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। पुलिस की ओर से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी चंदन शर्मा को तुरंत पकड़ लिया गया।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। नशे की आदत, घरेलू हिंसा और बच्चे की मौत- तीनों पहलुओं पर गहन जांच जारी है।

