Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति हेडगेवार की पुण्यतिथि पर कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, अमित शाह बोले-...

हेडगेवार की पुण्यतिथि पर कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, अमित शाह बोले- ‘उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण का आधार’

0
6

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अमित शाह ने कहा कि हेडगेवार ने अस्पृश्यता से मुक्त, आत्मविश्वासी, स्वदेशी और संगठित समाज की ऐसी परिकल्पना दी, जो आज भारत की प्रगति का आधार स्तंभ बनी हुई है।

गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परमपूज्य डॉ. हेडगेवार की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। युग प्रवर्तक डॉ. हेडगेवार ने संघ की स्थापना कर ‘राष्ट्र प्रथम’ और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के संस्कार को जन-जन तक पहुंचाया व एक सुरक्षित, समृद्ध और विश्व में सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र के निर्माण का दूरदर्शी लक्ष्य रखा। उन्होंने अस्पृश्यता से मुक्त, आत्मविश्वासी, स्वदेशी और संगठित समाज की ऐसी परिकल्पना दी, जो आज भारत की प्रगति का आधार स्तंभ बनी हुई है। उनका जीवन मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम, अनुशासन और समर्पण का अक्षय स्रोत है।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पोस्ट किया, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक और हम सभी के प्रेरणास्रोत डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन करता हूं। राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने और युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रबल बनाने के उद्देश्य से डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। उनका जीवन मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम, त्याग और सेवा भाव का अनुपम उदाहरण है।”

जेपी नड्डा ने आगे कहा, “उनका ओजस्वी व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पित जीवन आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि की सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और समर्पण के मार्ग पर सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लिखा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्रभक्ति, संगठन और समर्पण के भाव से प्रेरित उनका जीवन भारत की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने का आधार बना। सेवा और संस्कार के माध्यम से एक सशक्त, संगठित और आत्मविश्वासी राष्ट्र के निर्माण की दिशा में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्रसेवा के पथ पर अनगिनत कार्यकर्ताओं को प्रेरित कर रहे हैं।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी केशव बलिराम हेडगेवार की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आपने कोटि-कोटि स्वयंसेवकों में राष्ट्रीय चरित्र विकसित करने के पावन ध्येय से संघ की स्थापना की और मां भारती के वैभव को अक्षुण्ण बनाए रखने में अतुलनीय योगदान दिया। राष्ट्र के लिए समर्पित आपका अनुशासित जीवन युवाओं को अनंतकाल तक प्रेरित करता रहेगा।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लिखा, “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का ध्येय लेकर चलने वाले विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ’ के संस्थापक व सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्रभक्ति को जन-जन का संकल्प बनाया। मां भारती के प्रति समर्पण, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के लिए उनका संपूर्ण जीवन प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी करोड़ों स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करते हैं। ऐसे महान राष्ट्रऋषि की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।”