Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंडः देवघर में मुखिया पर घर में घुसकर महिला से छेड़खानी का...

झारखंडः देवघर में मुखिया पर घर में घुसकर महिला से छेड़खानी का आरोप, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा

0
8

देवघर, 21 जून (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर जिले में एक पंचायत के मुखिया (ग्राम प्रधान) पर महिला के घर में आधी रात को घुसकर छेड़खानी का आरोप लगा है। सारठ प्रखंड की कैराबांक पंचायत के मुखिया सागर मंडल को शनिवार देर रात ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।

आरोप है कि मुखिया सागर मंडल अलकुशा गांव स्थित एक घर में पहुंचे, जहां उन्होंने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला के विरोध और शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य जाग गए और उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मुखिया को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप था कि मुखिया गलत नीयत से घर में घुसे थे। घटना की सूचना मिलने पर पथरड्डा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और मुखिया को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। इसके बाद उनसे पूछताछ की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, क्योंकि आरोप एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि पर लगे हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/पीएम