Monday, June 22, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध मुंगेर : घर में अकेली पांच वर्षीय बच्ची के साथ शर्मनाक घटना,...

मुंगेर : घर में अकेली पांच वर्षीय बच्ची के साथ शर्मनाक घटना, पड़ोस के किशोर पर आरोप

0
5

पटना, 22 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर के शामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, घर में अकेली पांच वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोस के एक किशोर ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना रविवार देर शाम की बताई जाती है।

मामले को लेकर बच्ची की मां ने शामपुर थाने में आवेदन देकर आरोपित किशोर को नामजद किया है। आवेदन में मां ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से घर से बाहर गई थी। घर में बेटी अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला एक किशोर घर में घुस आया और उनकी बच्ची के साथ गंदा काम किया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सैयद इमरान मसूद ने बताया कि यह घटना रविवार की है। घटना को लेकर शाम 3-4 बजे के आसपास शामपुर थाना को सूचना मिली कि एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया गया है। वहीं, जिस पर इसका आरोप लगा है, वह एक 15 वर्ष का नाबालिग है।

उन्होंने बताया कि घटना का खुलासा तब हुआ, जब बच्ची की मां वापस लौटी। घर में मां को देखते ही मासूम रो पड़ी और रोते हुए सारी बात बताई। इसके बाद बच्ची की मां थाना पहुंची और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही हवेली खड़गपुर एसडीपीओ अनिल कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पहुंचे और पीड़िता से पूछताछ की।

बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में नाबालिग को पकड़ा गया है। एसडीपीओ और एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य को एकत्रित किया है। वहीं, पुलिस की ओर से आगे की विधिवत कार्रवाई जारी है।

बता दें कि मासूम से इसी प्रकार की दरिंदगी का एक दूसरा मामला बीते शनिवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां उस समय सनसनी फैल गई, जब लापता हुई नौ महीने की मासूम घर से करीब 500 मीटर दूर एक टिनशेड में बेहोशी की हालत में मिली। बच्ची के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब दो बजे बच्ची अपने बिस्तर पर सो रही थी। देर रात जब परिवार की नींद खुली तो बच्ची घर से गायब थी। परिजनों ने पूरी रात मासूम की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने बच्ची को टिनशेड में पड़े देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो रिश्ते में बच्ची का मामा लगता है। कड़ी पूछताछ में व्यक्ति ने अपराध को स्वीकार किया। उसने बताया कि रात को शराब के नशे में वह पहले बच्ची को घर से उठाकर पड़ोस के खेत में ले गया और फिर उससे इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया।