नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। टेनिस टूर्नामेंट की सबसे प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता ‘विंबलडन’ की शुरुआत साल 1877 में हुई थी। विंबलडन सिंगल्स को अक्सर टेनिस की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित खिताब माना जाता है। पुरुषों में इंग्लैंड के स्पेंसर गोर ने पहला सिंगल्स खिताब अपने नाम किया था।
‘एमेच्योर एरा’ (साल 1877 से 1967) में ब्रिटिश खिलाड़ी विलियम रेनशॉ ने रिकॉर्ड 7 बार मेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया। रेनशॉ ने साल 1881, 1882, 1883, 1884, 1885, 1886 और 1889 में यह कारनामा किया।
साल 1968 में टेनिस के नियमों में बदलाव हुए और टूर्नामेंट सभी के लिए ओपन (खुले) हो गए, जिसके साथ ‘ओपन एरा’ की शुरुआत हुई। आइए, उन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने ‘ओपन एरा’ में सबसे ज्यादा बार मेंस सिंगल्स खिताब अपने नाम किया है।
स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने सर्वाधिक 8 बार यह टाइटल अपने नाम किया है। उन्होंने साल 2003, 2004, 2005, 2006, 2007, 2009, 2012 और 2017 में ऐसा किया। इस बीच स्विस टेनिस स्टार ने साल 2003 से 2007 तक लगातार पांच खिताब जीतकर स्वीडन के ब्योर्न बोर्ग को पछाड़ा, जिन्होंने साल 1976 से 1979 के बीच लगातार चार बार मेंस सिगल्स खिताब पर अपना कब्जा किया था।
इस लिस्ट में सर्बिया के नोवाक जोकोविच संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 7 बार (2011, 2014, 2015, 2018, 2019, 2021, 2022) मेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया।
यूएसए के पीट सैम्प्रास इस लिस्ट में जोकोविच की बराबरी पर हैं, जिन्होंने 7 बार (1993, 1994, 1995, 1997, 1998, 1999, 2000) में पुरुष एकल का खिताब जीता था।
स्वीडन के ब्योर्न बोर्ग पांच बार इस खिताब को अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने साल 1976, 1977, 1978, 1979 और 1980 में यह कारनामा किया था।
जर्मनी के बोरिस बेकर और यूएसए के जॉन मैकेनरो ने तीन-तीन बार मेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया है। बोरिस बेकर ने साल 1985, 1986 और 1989 में यह कारनामा किया था, जबकि मैकेनरो साल 1981, 1983 और 1984 में ऐसा कर चुके थे।

