SGSU Advertisement
Home खेल चेन्नई ओपन 2026: अजितेश संधू ने बढ़त को तीन शॉट तक बढ़ाया

चेन्नई ओपन 2026: अजितेश संधू ने बढ़त को तीन शॉट तक बढ़ाया

0
3

चेन्नई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। चेन्नई ओपन 2026 के तीसरे राउंड में अजितेश संधू ने बोगी-फ्री 4-अंडर 68 का शानदार कार्ड खेलकर अपनी बढ़त को मजबूत कर लिया। गुरुवार को टीएनजीएफ कॉस्मो गोल्फ कोर्स, चेन्नई में खेले गए राउंड के बाद वह कुल तीन शॉट की बढ़त के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। यह टूर्नामेंट 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वाला आयोजन है।

चंडीगढ़ के 37 वर्षीय गोल्फर (65-66-68) ने दिन की शुरुआत दो-स्ट्रोक की बढ़त के साथ की थी। अजितेश ने चार ‘बर्डी’ के साथ एक शानदार राउंड खेला और फाइनल राउंड से पहले ’17-अंडर 199′ के स्कोर पर पहुंच गए।

कोलकाता के विराज मडप्पा (72-67-63) ने दिन का सबसे कम स्कोर – ‘नाइन-अंडर 63′ – बनाया और संयुक्त 11वें स्थान से नौ पायदान ऊपर चढ़कर ’14-अंडर 202’ के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर आ गए। दो बार पीजीटीआई विजेता और पूर्व एशियन टूर चैंपियन रहे 28 वर्षीय खिलाड़ी ने आज के राउंड में ‘पार-फोर’ छठे होल पर एक ‘ईगल’, आठ ‘बर्डी’ और एक ‘बोगी’ लगाई।

चेक गणराज्य के स्टेपन डनेक (65-68-70), जो कल दूसरे स्थान पर थे, ’13-अंडर 203′ के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए। 29 वर्षीय खिलाड़ी के ‘टू-अंडर 70’ के स्कोर में ‘पार-फाइव’ 18वें होल पर एक ‘ईगल’, तीन ‘बर्डी’, एक ‘बोगी’ और एक ‘डबल बोगी’ शामिल थी।

चंडीगढ़ के जयराज सिंह संधू (66-71-67) संयुक्त सातवें स्थान से ऊपर चढ़कर नोएडा के अमरदीप मलिक (67-68-69) के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान (’12-अंडर 204′) पर आ गए।

पांच बार के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई विजेता और पूर्व एशियन टूर चैंपियन अजीतश, बिना कोई शॉट गंवाए बढ़त बनाए रखने के अतिरिक्त दबाव को संभालने से खुश थे। तीन-स्ट्रोक की बढ़त के बावजूद, संधू को उम्मीद है कि फाइनल राउंड में कड़ी चुनौती मिलेगी, क्योंकि इस कोर्स पर बर्डी बनाने के कई मौके हैं।

‘रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप’ में अभी लीड कर रहे सप्तक तलवार (67-68-73) संयुक्त चौथे स्थान से खिसककर संयुक्त 14वें स्थान (आठ-अंडर 208) पर आ गए हैं। श्रीलंका के मौजूदा चैंपियन एन. थंगराजा ने 69 और 70 के राउंड के बाद तीसरे राउंड में 72 का स्कोर किया और पांच-अंडर 211 के साथ संयुक्त 23वें स्थान पर पहुंच गए।