Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन पद्म भूषण सम्मान के दौरान पीएम मोदी से मिले दुलकर सलमान, बोले-...

पद्म भूषण सम्मान के दौरान पीएम मोदी से मिले दुलकर सलमान, बोले- ‘यह मेरे लिए बड़ा सम्मान’

0
6

नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। अभिनेता दुलकर सलमान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और इसे अपने जीवन का एक बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने इस मुलाकात की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिनमें वह, अपने पिता ममूटी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

इन तस्वीरों को पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ”देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना और अपने पिता को उनके लंबे और शानदार फिल्मी सफर के लिए सम्मानित होते देखना किसी सपने के सच होने जैसा था। यह दिन हमारे परिवार के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार अनुभव होगा।”

गौरतलब है कि 23 जून को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों को सम्मानित किया गया। इस समारोह में अभिनेता आर माधवन, ममूटी और प्रसिद्ध गायिका अलका याज्ञनिक को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस साल आयोजित दूसरे पद्म पुरस्कार समारोह में कुल 65 लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण, और 56 पद्म श्री पुरस्कार शामिल थे। इससे पहले 26 मई को आयोजित पहले समारोह में 66 लोगों को सम्मान दिया गया था।

वहीं, दुलकर सलमान के बात करें, तो वह अपने फिल्मी करियर में लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने निर्देशक कश्यप श्रीनिवास की आने वाली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘गायापड्डा सिम्हम’ का ट्रेलर लॉन्च किया था। इस फिल्म में तरुण भास्कर, मनसा चौधरी और फारिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

दुलकर सलमान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2012 में फिल्म ‘सेकंड शो’ से की थी। शुरुआती दौर में ही उन्होंने ‘एबीसीडी’, ‘नीलकाशम पचाकदल चुवन्ना भूमि’ और ‘वायै मूडी पेसावुम’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा। हालांकि उन्हें असली पहचान और लोकप्रियता फिल्म ‘बैंगलोर डेज’ से मिली।

इसके बाद दुलकर ने कई सफल फिल्मों में काम किया और मलयालम सिनेमा के प्रमुख अभिनेताओं में अपनी जगह बनाई। ‘विक्रमादित्यन,’ ‘चार्ली,’ ‘काली,’ ‘कम्मट्टी पाडम,’ ‘जोमोंटे सुविशेषंगल,’ और ‘कुरुप’ जैसी फिल्मों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया। वहीं तेलुगु फिल्मों ‘महानटी,’ ‘सीता रामम,’ और ‘लकी भास्कर’ ने उन्हें पूरे देश में पहचान दिलाई और बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार सफलता हासिल की।

दुलकर ने वर्ष 2018 में हिंदी सिनेमा में भी कदम रखा। उनकी पहली हिंदी फिल्म ‘कारवां’ थी, जिसमें उनके साथ दिवंगत अभिनेता इरफान खान नजर आए थे। इस फिल्म का निर्देशन आकाश खुराना ने किया था। इसके बाद उन्होंने ‘द जोया फैक्टर’ और ‘चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया।