मुंबई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। रियलिटी शोज के जरिए दर्शकों के बीच पहचान बनाने वाले योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी अब एक नए अंदाज में साथ नजर आए हैं। ‘स्प्लिट्सविला’ और ‘लॉक अप’ के बाद सुर्खियां बटोर चुकी यह जोड़ी पहली बार एक म्यूजिक वीडियो के लिए साथ आई है।
दोनों का नया रोमांटिक गाना ‘ना पूछदे’ रिलीज हो चुका है, जिसमें योगेश और आकांक्षा की केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। खास बात यह है कि गाने में मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ ने आवाज दी है।
‘ना पूछदे’ को प्ले डीएमएफ और वर्जिन म्यूजिक इंडिया ने पेश किया है। गाने में योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी की जोड़ी बेहद रोमांटिक नजर आ रही है। दोनों कलाकारों का कहना है कि यह गाना उनके चाहने वालों के लिए है, जिन्होंने अब तक के सफर में उन्हें भरपूर प्यार दिया है।
गाने को लेकर आकांक्षा चौधरी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ”दर्शकों ने मुझे और योगेश को जो प्यार दिया है, उसके बदले हम भी अपने फैंस को कुछ खास देना चाहते थे। ‘ना पूछदे’ हमारे लिए ऐसा करने का एक शानदार मौका है। गाने की खूबसूरत लोकेशन ने इसके अनुभव को खास बनाया, वहीं नेहा कक्कड़ की आवाज ने इसमें एक अलग ही मिठास भर दी।”
आकांक्षा ने कहा, ”गाने को बनाते समय पूरी टीम ने काफी मेहनत की है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक जब ‘ना पूछदे’ को देखेंगे और सुनेंगे, तो वे भी उस प्यार और भावनाओं को महसूस कर पाएंगे, जो इस गाने को तैयार करने में शामिल रही हैं। यह म्यूजिक वीडियो दर्शकों से मिले प्यार के बदले हमारी तरफ से एक छोटा सा तोहफा है।”
वहीं, योगेश रावत ने भी अपने फैंस को सबसे बड़ी ताकत और उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, ”हमारे चाहने वालों ने हमें जिस तरह से सपोर्ट किया है, उसके लिए हम हमेशा आभारी रहेंगे। ‘ना पूछदे’ के जरिए हमने दर्शकों को अपनी केमिस्ट्री की झलक देने की कोशिश की है, जिसे लोग पसंद करते हैं।”
योगेश ने कहा, ”इस गाने को दर्शकों से जिस तरह का प्यार मिल रहा है, वह हमारे लिए बेहद खास है। अपने पहले गाने में नेहा कक्कड़ की आवाज का होना इस अनुभव को यादगार बनाता है। नेहा की आवाज ने गाने की रोमांटिक भावनाओं को बहुत खूबसूरती से सामने रखा है।”
बता दें कि ‘ना पूछदे’ के बोल दीप क्लैर ने लिखे हैं, जबकि गाने को कंपोज हर्ष नूसी ने किया है।
