Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय बांग्लादेश में उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने संभाला कार्यभार, पर्यटक वीजा सेवा फिर...

बांग्लादेश में उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने संभाला कार्यभार, पर्यटक वीजा सेवा फिर से शुरू करने की घोषणा

0
7

ढाका, 25 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में भारत के नए उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपना परिचय पत्र (क्रेडेंशियल्स) सौंपा। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के लोगों के हित में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को बंगभवन में बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपना क्रेडेंशियल्स सौंपा। उच्चायुक्त ने भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से शुभकामनाएं दीं और दोनों देशों के लोगों की भलाई के लिए भारत-बांग्लादेश के बीच बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।”

करीब दो साल बाद भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा जारी करना फिर से शुरू कर दिया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, जुलाई 2024 में हुए प्रदर्शनों के बाद यह सेवा रोक दी गई थी।

गुरुवार को ढाका के जमुना फ्यूचर पार्क स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) के दौरे के दौरान उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने इसकी घोषणा की।

‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामान्य यात्रा वीजा की शुरुआत फिर से की जा रही है। वीजा के लिए आवेदन 28 जून से जमा किए जा सकेंगे। मानवीय कारणों से जरूरी मेडिकल वीजा की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।”

उन्होंने बताया कि वीजा सेवाएं ढाका, राजशाही, चटगांव, सिलहट और खुलना के पांच केंद्रों पर उपलब्ध होंगी। आगे चलकर इस व्यवस्था को पूरे बांग्लादेश में धीरे-धीरे बढ़ाने की योजना है।

भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर बताया कि उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने जमुना फ्यूचर पार्क स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र का दौरा किया और वहां चल रही वीजा सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र भारत के सबसे बड़े वीजा सुविधा केंद्रों में से एक है और भारत-बांग्लादेश के बीच लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।

इस दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्ज‍ियो गोर ने भी उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में कार्यभार संभालने पर बधाई दी। सर्ज‍ियो गोर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, ”बांग्लादेश में भारत के नए हाई कमिश्नर के तौर पर अपनी अहम ज‍िम्मेदारी संभालने जा रहे दिनेश त्रिवेदी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत के तौर पर, मैं उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।

दिनेश त्रिवेदी 12 जून को भारत और बांग्लादेश के बीच पेट्रापोल-बेनापोल सीमा रास्ते से ढाका पहुंचे थे।