Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड: चतरा में बंद पड़े माइंस में महिला का शव बरामद, हत्या...

झारखंड: चतरा में बंद पड़े माइंस में महिला का शव बरामद, हत्या की आशंका

0
4

चतरा, 26 जून (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले में बिहार सीमा से सटे हंटरगंज थाना क्षेत्र की एक बंद पत्थर खदान से शुक्रवार को एक महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव पानी में तैरता मिला। पुलिस ने हत्या कर शव ठिकाने लगाए जाने की आशंका के मद्देनजर जांच शुरू कर दी है।

महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना हंटरगंज प्रखंड की नावाडीह पनारी पंचायत के जाजलो बाजार स्थित बंद पत्थर खदान की है।

शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों ने खदान के पानी में एक महिला का शव तैरता देखा। इसके बाद इसकी सूचना हंटरगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया।

पुलिस मृतका की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव काफी फूल चुका था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह दो से चार दिन से पानी में पड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बंद खदान में फेंका गया होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल बिहार-झारखंड सीमा के निकट स्थित है। ऐसे में यह भी जांच की जा रही है कि घटना कहीं अन्यत्र तो नहीं हुई और शव को बाद में इस सुनसान खदान में लाकर फेंका गया हो। बताया जाता है कि जिस पत्थर खदान से शव मिला है, वह पिछले करीब 20 वर्षों से बंद है और उसमें गहरा पानी भरा हुआ है।

पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।