Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध इंदापुर लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और 56 हजार का माल...

इंदापुर लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और 56 हजार का माल बरामद

0
5

इंदापुर, 27 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे में हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ माल भी बरामद हुआ है।

पुणे ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने इंदापुर पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 56 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा राजू गिरी (20) और वैभव देविदास सालुंखे (22) निवासी सोलापुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों से एक मोबाइल फोन, एक फॉर रोलेस कंपनी की सेकंड कॉपी घड़ी और वारदात में प्रयुक्त होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त किया है। बरामद माल और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए इंदापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गणेश बिरादार, उपविभागीय पुलिस अधिकारी (बारामती) मधुकर भट्टे तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक प्रमोद क्षीरसागर के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक कारंडे एवं उनकी टीम ने अंजाम दी।

इसके पहले 7 जून को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में पुलिस ने सस्ते में सोना देने का लालच दिखाकर लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया था। सस्ते में सोना देने का झांसा देकर रायगढ़ जिले के अनिल नलावडे को अहिल्यानगर तालुका के फ्लाईओवर के पास बुलाया गया था। वहां आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर उनसे सोना और नकदी लूट ली थी।

लूटपाट होने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत कराई। इस पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों के नांदेड़ जिले के किनवट क्षेत्र के रहने वाले होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की टीम ने किनवट पहुंचकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 लाख रुपये, 2 लाख के सोने के आभूषण और सोने के सिक्के व एक चार-पहिया वाहन सहित कुल 26 लाख 52 हजार रुपए का माल जब्त किया था।